




श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 17 अगस्त 2026। सावन के तीसरे सोमवार को श्रीडूंगरगढ़ अंचल शिवभक्ति से सराबोर नजर आया। सुबह से ही क्षेत्र के विभिन्न शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से गूंज उठे। सावन सोमवार के विशेष महत्व को देखते हुए श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक कर बेलपत्र, धतूरा, आक एवं पुष्प अर्पित किए। अनेक श्रद्धालुओं ने विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। महिलाओं एवं युवाओं सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु सुबह से ही शिवालयों में पहुंचते रहे। शिव मंदिरों में विशेष श्रृंगार एवं पूजा-अर्चना के आयोजन हुए। कई मंदिरों में भजन-कीर्तन भी हुए, जिनमें श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सावन की भक्ति में डूबे श्रद्धालु भोलेनाथ के जयकारे लगाते हुए नजर आए।













