




श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 16 अगस्त 2026। श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेरूणा के गांव नारसीसर में रविवार को विधायक ताराचंद सारस्वत ने 53 लाख की लागत के विकास कार्यों की नींव रखी। गांव में 41 लाख की लागत से बनने वाले उपस्वास्थ्य केंद्र का शिलान्यास किया गया। इसके साथ ही 12 लाख की लागत से बनने वाले मेघवाल एवं नायक समाज सामुदायिक भवन का भी शिलान्यास किया गया। विधायक सारस्वत ने कहा कि उपस्वास्थ्य केंद्र के निर्माण से नारसीसर सहित आसपास के ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकेगी। ग्रामीणों को सामान्य उपचार एवं प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। वहीं सामुदायिक भवन के निर्माण से समाज के लोगों को सामाजिक एवं सामुदायिक कार्यक्रमों के आयोजन की सुविधा मिल सकेगी। विधायक ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क और सामाजिक सुविधाओं को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस मौके पर एडवोकेट भरतसिंह राठौड़ ने उपस्वास्थ्य केंद्र एवं सामुदायिक भवन की सौगात के लिए प्रसन्नता जताते हुए विधायक का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह गांव की आवश्यकताओं से जुड़ी बड़ी जरूरत थी। इस मौके पर राठौड़ ने शिक्षा विभाग द्वारा सेरुणा व नारसीसर में मरम्मत योग्य कमरों को असुरक्षित घोषित करने व इससे छात्रों को होने वाली परेशानी के बारे में बताते हुए इन कमरों की मरम्मत करवाने हेतु बजट जारी करने की मांग की। इस मौके पर विधायक के साथ मोहन कुलड़िया मणकरासर, भंवरसिंह झझेऊ, जगदीश पारीक पूनरासर, राधेश्याम दर्जी, जगदीश गुर्जर, महेश राजोतिया, मूलचंद इंदौरिया, आईदान पारीक, मुन्नीनाथ सहित अनेक कार्यकर्ता रहे। वहीं कार्यक्रम में सरपंच प्रतिनिधि रणवीरसिंह, विक्रम सिंह वार्ड पंच, नरपतसिंह अशोक राणा, चिमनाराम मेघवाल, किशोर सिंह, शिवभगवान स्वामी, उदाराम नायक, हेतराम सारस्वत, बिशनाराम सारस्वत, रामलाल शर्मा, भंवराराम नायक बहादुर सिंह, महेंद्र सिंह, गौरीशंकर स्वामी, गजानन्द सारस्वत, गोपालराम भादू सहित अनेक स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहें।






