




हनुमान धोरा परिसर में उमड़ा तीज का उत्साह।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शनिवार को सावन तीज पर महिला वर्ग में खासा उत्साह का माहौल रहा और घर घर सुहागिनों ने पति की दीर्घायु के लिए तीज का व्रत रखा। महिलाओं ने परंपरागत लहरिए के वस्त्रों में सज धज कर तीज का पूजन संपन्न किया। तीज पर झूलों का विशेष महत्व माना जाता है और ऐसे में श्रीडूंगरगढ़ के हनुमान धोरा मंदिर प्रांगण में मेले का सा माहौल रहा। पुजारी शिवभगवान सिखवाल ने बताया कि सैंकड़ों की संख्या में दिनभर में महिलाएं व युवतियां मंदिर पहुंची व झूलों का आनंद लिया।
मोमासर में भरा मेला, गली गली सजे झूले।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव मोमासर के ताल में तीज का मेला भरा। बड़ी संख्या में ग्रामीण मेले में पहुंचे व अनेक अस्थाई दुकानें मेले में सजी है। महिलाओं ने गांव में विभिन्न स्थानों पर झूले लगाए और महिलाओं और बालिकाओं ने बारी-बारी से झूले झूलकर तीज का पर्व मनाया। महिलाओं ने हाथों में मेंहदी रचाई व विधि विधान से पूजा अर्चना की। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक गीत गाए। सावन की हरियाली और झूलों के बीच गांव का माहौल उत्सवमय नजर आया। बालिकाओं में भी झूला झूलने को लेकर विशेष उत्साह रहा। इस अवसर पर पूजा सैनी ने बताया कि तीज पर्व हमारी लोक परंपरा और संस्कृति से जुड़ा महत्वपूर्ण त्योहार है। ऐसे आयोजनों से महिलाओं और बालिकाओं को एक साथ मिलकर त्योहार मनाने तथा अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है।

















