




श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 15 अगस्त 2026। शिक्षा भवनों के बाद अब स्वास्थ्य केंद्रों के भवनों की जर्जर हालत भी चिंता बढ़ाने लगी है। शनिवार को गांव सत्तासर के पीएचसी भवन के ओपीडी कक्ष की छत से अचानक मलबा गिर गया। घटना के समय ओपीडी कक्ष में नर्सिंगकर्मी सहित मरीज मौजूद थे। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई और सभी बाल-बाल बच गए। जानकारी के अनुसार सत्तासर पीएचसी परिसर में तीन कक्ष बने हुए हैं। इनमें एक ओपीडी, दूसरा लेबर रूम तथा पीछे का एक कमरा नर्सिंग स्टाफ के रहने के लिए उपयोग में लिया जाता है। बताया जा रहा है कि यह भवन करीब 15 वर्ष पुराना है जो अब बिल्कुल जर्जर अवस्था में है। शनिवार शाम करीब 4:30 बजे ओपीडी कक्ष की छत से अचानक मलबा आकर नीचे गिर गया। मलबा गिरने के समय वहां मरीज अपना उपचार करवाने पहुंची हुई थी और नर्सिंगकर्मी भी मौजूद था। घटना की सूचना मिलते ही ब्लॉक सीएमएचओ डॉ. राजीव सोनी मौके पर पहुंचे और भवन का निरीक्षण किया। वहीं सरपंच सुनील मलिक सहित अनेक ग्रामीण भी मौके पर मौजूद रहे। डॉ. राजीव सोनी ने श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स को बताया कि विभाग की प्राथमिकता मरीजों और कार्मिकों की जान-माल की सुरक्षा है। ऐसे में गांव के जनप्रतिनिधियों से बातचीत की जा रही है, ताकि पीएचसी की स्वास्थ्य सेवाओं को वैकल्पिक रूप से गांव में किसी अन्य सुरक्षित भवन में शुरू किया जा सके। डॉ. सोनी ने मौके का मुआयना करते हुए बताया कि मामले की रिपोर्ट पीडब्ल्यूडी विभाग को दी जाएगी तथा भवन की स्थिति के आधार पर आगामी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस के दिन सामने आई इस घटना ने ग्रामीण क्षेत्र के स्वास्थ्य केंद्रों के भवनों की सुरक्षा और रखरखाव पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।
















