





श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 अगस्त 2026। आज गांव लिखमीसर उत्तरादा में अग्निवीर योद्धा राकेश जाखड़ की प्रथम पुण्यतिथि पर ऐतिहासिक रक्तदान शिविर संपन्न हुआ है। शिविर में 605 उत्साही रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। आस पास के कई गांवों से बड़ी संख्या में रक्तदाता शिविर में पहुंचे और रक्तदान किया। महिला रक्तदाताओं ने भी अपनी भूमिका निभाई व रक्तदान में बढ़चढ़ कर भाग लिया। सभी रक्तदाताओं का आयोजक मंडल के सदस्यों ने प्रशस्तिपत्र देकर सम्मान किया। शिविर में सुबह 9 बजे राकेश जाखड़ को पुष्पाजंलि अर्पित करने के साथ शुरू हुआ। जिसमें शाम 6.30 बजे तक रक्तदान की प्रक्रिया जारी रही। शिविर में मथुरादास माथुर राजकीय चिकित्सालय, जोधपुर व तुलसी सेवा केंद्र श्रीडूंगरगढ़ की टीम द्वारा रक्त संग्रहण किया गया। दिन भर गांव में मेले का सा माहौल रहा व शिविर स्थल पर देशभक्ति उत्साह से सराबोर नजर आया। शिविर में ग्रामीण युवाओं ने बढ़चढकर सेवा सहयोग दिया।
राउमावि के प्रांगण में आयोजित शिविर में पर्यावरणविद प्रोफेसर श्यामसुंदर ज्याणी ने युवाओं को नशे से मुक्त होकर सुसंस्कृत समाज के निर्माण में सहयोगी बनने का आह्वान किया। ज्याणी ने उपस्थित जनसमूह को नई पीढ़ी को संस्कार व अच्छा आचरण सिखाने का संकल्प दिलवाया। उन्होंने कहा कि ये जिम्मेदारी आज घर के बड़े सदस्यों की है। ज्याणी ने रक्तदान को महादान बताया व रक्तदाताओं का हौसला बढ़ाया।
शिविर में पूर्व विधायक गिरधारीलाल माहिया, नोखा प्रधान प्रतिनिधि आत्माराम तरड, कांग्रेस के देहात जिलाध्यक्ष बिशनाराम सियाग, आरएलपी जिलाध्यक्ष दानाराम घिंटाला, डॉ विवेक माचरा, कांग्रेसी नेता श्रीराम भादू, युवा नेता हेतराम जाखड़, केसराराम गोदारा, नीरू चौधरी, शिवलाल गोदारा, धर्मवीर सांगवा, राजेंद्र मेघवाल सहित अनेक नेता व प्रबुद्धजन शामिल हुए। ग्रामीणों ने सभी अतिथियों का स्वागत सम्मान किया। अग्निवीर राकेश जाखड़ के दादा उदराम जाखड़ व सरपंच प्रतिनिधि केसुराम नायक ने सभी का आभार जताया। शिविर में मौजिज ग्रामीण दिनभर सक्रिय रहें।
















