


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 अगस्त 2026। पर्यावरण की अलख जगाते हुए प्रकृति प्रेमी सावन में पौधे लगाने के साथ पौधों के सरंक्षण का संदेश देते हुए नजर आते है। वहीं इसके विपरित क्षेत्र के गांव बिग्गाबास रामसरा में श्मशान भूमि में लगाए हुए पौधे उखाड़ कर ले जाने का निदंनीय मामला सामने आया है।
गांव की श्मशान भूमि पर लगातार सात सालों से अपनी सेवाएं देते हुए गांव के जागरूक प्रकृति प्रेमी बुजुर्ग व युवा टीम श्रवणराम कड़वासरा, मदनलाल आचार्य, सोहनलाल गीला, फुसाराम सारण, दौलतराम जाखड़, किशनलाल शर्मा, रामस्वरूप सारण ने यहां एक छोटा सा हरा भरा वन तैयार कर दिया है। इसी क्रम में टीम ने सोमवार को ग्राम विकास अधिकारी व सरकारी स्कूल में प्रधानाचार्य के साथ मिलकर पौधारोपण किया। यहां करीब दो दर्जन पौधे लगाए गए। जिनमें से बीती रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने आधा दर्जन पौधे खोद कर उखाड़े व साथ ले गए। सुबह पानी देने पहुंची टीम के लोगों ने पौधे चोरी के मामले को देखकर कड़ी नाराजगी जताई। ये प्रकृति प्रेमी बुजुर्ग वहीं श्मशान के गेट पर धरना देकर बैठ गए व मौजिज ग्रामीणों से मामले को सुलझाने की मांग की है। टीम सदस्यों ने ग्रामीण स्तर पर मामला नहीं सुलझने पर पुलिस स्टेशन पहुंच कर जांच के एफआईआर दर्ज करवाने व पुलिस जांच की मांग करने की बात कही। वहीं सरपंच लक्ष्मणराम व अन्य मौजिज ग्रामीणों ने मामले में दखल देते हुए निस्तारण करवाया। सरपंच ने बताया कि आपसी समझाईश से मामले को सुलझाया गया व पौधे पुन: उसी स्थान पर लगवाए जा रहें है।





