August 11, 2026
00000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 अगस्त 2026। सोमवार को राजस्थान विद्युत तकनीकी कर्मचारी एसोसिएशन के बैनर तले निगमों में कार्यरत तकनीकी कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों को लेकर मुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री के नाम अधिकारियों को ज्ञापन सौंपे गए। ज्ञापन देते हुए सदस्यों ने बताया कि प्रदेश के पांचों विद्युत निगमों में करीब 40 हजार तकनीकी कर्मचारी कार्यरत हैं। कर्मचारी विपरीत परिस्थितियों, अत्यधिक कार्यभार और जोखिम के बीच कार्य करते हुए विद्युत व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इसके बावजूद उनकी कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं।
एसोसिएशन ने विद्युत निगमों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए इंटर-डिस्कॉम स्थानांतरण नीति बनाने, 2400, 2800, 3600 एवं 4200 ग्रेड-पे के टाइम बॉन्ड परिलाभ ज्वाइनिंग तिथि से देने, तकनीकी कर्मचारियों को हाई ड्यूटी अलाउंस देने तथा सभी कर्मचारियों को निःशुल्क बिजली सुविधा उपलब्ध करवाने की मांग की। इसके अलावा वर्तमान साइकिल अलाउंस के स्थान पर मोटरसाइकिल अलाउंस देने, लगातार छुट्टियों में ड्यूटी लगाए जाने की स्थिति को देखते हुए तकनीकी कर्मचारियों की नई भर्ती करने तथा स्टाफिंग पैटर्न में आवश्यक संशोधन करने की मांग भी की गई। एसोसिएशन ने सीनियर टेक्नीशियन का पद पुनर्जीवित कर पुनः सृजित करने तथा डिप्लोमा धारक तकनीकी कर्मचारियों को JEN-II पद पर पदोन्नति देने की मांग भी रखी है। एसोसिएशन ने ज्ञापन में चेतावनी दी कि यदि तकनीकी कर्मचारियों की मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो संगठन की ओर से चरणबद्ध आंदोलन एवं प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान संगठन के जिला सचिव रामकिशन यादव, हरपाल जाखड़, सूर्यप्रकाश, अनिल, उम्मेद सिंह, सरवन कुमार, पप्पू कुमावत सहित स्थानीय पदाधिकारी व कार्मिक मौजूद रहें।

उपखंड कार्यालय
एक्सईएन कार्यालय
सहायक अभियंता कार्यालय
ऊपनी कार्यालय