August 9, 2026
WhatsApp Image 2026-08-09 at 11.05.14

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 अगस्त 2026। क्रिटिकल स्थिति में सेरूणा पीएचसी से रेफर की गई गर्भवती महिला की बीकानेर पहुंचने से पहले 108 एंबुलेंस में ही सुरक्षित डिलीवरी करवाने का मामला सामने आया। प्रसव पीड़ा बढ़ने पर एंबुलेंस में तैनात स्टाफ ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्परता से आवश्यक चिकित्सा सहायता उपलब्ध करवाई और रास्ते में ही महिला का सुरक्षित प्रसव करवाया।
गर्भवती की माँ व सास सहित अन्य परिजन भी साथ थे। महिला की दूसरी डिलेवरी थी और पहली डिलेवरी सिजेरियन से हुई थी। दूसरी डिलेवरी में भी हालात बिगड़ते देख अस्पताल से रविवार सुबह बीकानेर रेफर कर दिया गया। सुबह 8.30 बजे हल्दीराम प्याऊ के पास एंबुलेंस में मेडिकल स्टाफ के वेदप्रकाश व पायलट पवन कुमार ने नॉर्मल डिलेवरी करवाई। प्रसव के बाद एंबुलेंस में नवजात की किलकारी गूंज उठी। जच्चा और बच्चा दोनों सुरक्षित रहे। समय पर दिखाई गई तत्परता और सूझबूझ के चलते महिला को सुरक्षित प्रसव की सुविधा मिल सकी। 108 एंबुलेंस सेवा की टीम द्वारा निभाई गई इस जिम्मेदारी की सराहना करते हुए गर्भवती के परिजनों ने आभार जताया। महिला व बच्चे को पीबीएम अस्पताल भर्ती करवाया गया है जहां मेडिकल देखरेख की जा रही है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। 108 एंबुलेंस सेवा में सुरक्षित डिलेवरी करवाने पर परिजनों ने मेडिकल स्टाफ का आभार जताया।