July 29, 2026
0000000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 28 जुलाई 2026। जिले में चोरों के हौसले बुलंद है और बेखोफ चोरों एक पुलिसकर्मी के घर में जिले की बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। बीती रात हुई वारदात में चोरों में घर की चार महिलाओं के सारे गहने और लाखों की नगदी पार कर ली। पुलिस जांच में जुटी है व परिवार की महिलाएं बुरी तरह से मायूस हो गई है।
करीब एक करोड़ की चोरी की ये बड़ी वारदात निकटवर्ती कस्बे नापासर में हुई है। पीड़ित किशन पुत्र नंदकिशोर गोदारा आईजी कार्यालय बीकानेर में तैनात पुलिस जवान है। परिवादी सोमवार को किसी काम से श्रीडूंगरगढ़ आया था। नापासर में चुंगी चौकी के पास स्थित उसके पुश्तैनी घर में उसकी माँ, बड़ा भाई, भाभी व बच्चे घर पर ही थे। बीती रात भाई भाभी व बच्चे छत पर सो रहे थे। मंगलवार सुबह चार बजे माँ ने अपने कमरे का दरवाजा जोर जोर से बजाया तो भाभी छत से नीचे आई और उन्होंने देखा की माँ के कमरे में किसी ने बाहर से दरवाजा कुंडा लगाकर बंद कर दिया था। वहीं पास के कमरे में रखी दो बड़ी व एक छोटी संदूक गायब थी। कमरे में रखी आलमारी खुली पड़ी थी व सभी सामान बिखरा पड़ा था।
परिजनों ने सूचना दी तो परिवादी घर पहुंचा और परिवारजनों ने सामान की तलाशी ली। परिवादी ने पुलिस को दी परिवाद में बताया कि अज्ञात चोरों ने परिवादी की पत्नी, माँ, भाभी व बहन के सोने चांदी के गहने व नगदी चोरी कर ले गए। चोरों ने 65 ग्राम की एक सोने की आड़, 48.50 ग्राम का एक रखड़ी सेट, 38 ग्राम के 3 मंगलसूत्र, 40 ग्राम सोने के 9 फुलड़े, 30 ग्राम के कान के झूमके, 45 ग्राम का एक बाजूबंद, 40 ग्राम की कंठी, 35 ग्राम की तीन सोने की चैन, 7 जोड़ी कान की सोने की बालियां, 8 सोने के फूलड़े, एक जोड़ी सोने के लूंग, एक जोड़ी कान का झूमका, 1 किलो चांदी के दो कटोरे व दो चम्मच, एक चांदी की तागड़, 12 सोने की अंगूठिया, 16 जोड़ी चांदी की पायल, 15 जोड़ी बिछुड़ी, 26 चांदी की अंगूठिया, तीन चांदी के कड़े, 17 चांदी के सिक्के, 3,18000 रूपए नगदी चोरी हुए है। बीकानेर से फॉरेंसिंक टीम ने मौके पर पहुंच कर जांच की व पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।