July 15, 2026
4

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 जुलाई 2026। बुधवार को ग्रामीण सेवा शिविर-2026 में ग्राम डेलवा में प्रशासन ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए इसी गांव के निवासी दिव्यांग इंद्रसिंह के परिवार को बड़ी राहत दी है। परिवार को पालनहार योजना के तहत सीधे लाभ से जोड़ा गया।
शिविर में इंद्रसिंह के तीन बच्चों का वार्षिक सत्यापन किया गया, वहीं एक अन्य पात्र बच्चे को भी योजना में शामिल किया गया। इसके साथ ही इंद्रसिंह के चारों बच्चे पालनहार योजना से लाभान्वित होंगे। योजना के तहत इंदरसिंह के परिवार को प्रति बच्चा 1,500 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से कुल 6,000 रुपये मासिक सहायता मिलेगी। यह राशि बच्चों की शिक्षा, स्कूल ड्रेस, जूते तथा अन्य आवश्यक शैक्षणिक जरूरतों को पूरा करने में सहायक होगी। शिविर में आवेदन प्रक्रिया पूरी कर आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन किया गया और पात्र परिवार को योजना का लाभ दिया गया। लाभार्थी इंद्रसिंह ने राज्य सरकार, जिला प्रशासन एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के छात्रावास अधीक्षक राकेश कुमार का आभार व्यक्त किया। राकेश कुमार ने बताया कि पालनहार योजना के तहत अनाथ, दिव्यांग अभिभावक, तलाकशुदा, परित्यक्ता एवं अन्य पात्र परिवारों के स्कूली बच्चों को प्रति बच्चा 1,500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। ग्रामीणों ने भी प्रशासन की संवेदनशीलता की सराहना करते हुए आभार जताया।