






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 14 जुलाई 2026। गोगाणा ताल मैदान में मंगलवार शाम तोलियासर प्रीमियर लीग (टीपीएल) सीजन-3 का शुभारंभ गांव के वरिष्ठ नागरिकों द्वारा किया गया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में उत्साहित ग्रामीणों और युवाओं ने भागीदारी निभाई।
आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता का आयोजन आठ दिनों तक किया जाएगा। प्रतिदिन चार मैच खेले जाएंगे। प्रतियोगिता में गांव की आठ टीमें हिस्सा ले रही हैं। लीग प्रणाली के तहत प्रत्येक टीम को सात मैच खेलने का अवसर मिलेगा, जिससे सभी खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का समान अवसर मिल सके। समिति ने बताया कि टीपीएल का उद्देश्य गांव में खेल भावना को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे को मजबूत करना है। प्रतियोगिता में विभिन्न समाजों के खिलाड़ी एक साथ भाग ले रहे हैं। आयोजन के माध्यम से युवाओं को मोबाइल की लत, नशे एवं अन्य बुरी प्रवृत्तियों से दूर रहकर खेलों से जुड़ने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है।
समिति ने बताया कि गांव के उद्योगपतियों के सहयोग से लगातार तीसरे वर्ष प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। ग्रामीणों ने इसे युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और गांव में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने वाला प्रयास बताया।










