






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 12 जुलाई 2026। क्षेत्र के गांव बाना में एक कलयुगी बेटे ने अपनी माँ की ममता को तार तार कर दिया। बेटे ने नींद में सो रही अपनी 70 वर्षीय माँ की लाठी से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। वारदात का मामला श्रीडूंगरगढ़ थाने में दर्ज कर लिया गया है।
सीओ निकेत कुमार व थानाधिकारी कश्यपसिंह राघव घटना स्थल पर पहुंचे व मामले की पुख्ता छानबीन की। गांव बाना निवासी रामनिवास पुत्र कन्हैयालाल स्वामी ने अपनी 70 वर्षीय माँ गीता देवी की हत्या कर दी। मामले में आरोपी के भाई 42 वर्षीय ओमप्रकाश स्वामी ने पुलिस को रिपोर्ट देते हुए बताया कि वह अपने परिवार सहित गांव बाना में ही रहता है। उसका छोटा भाई रामनिवास भी अपने परिवार के साथ पास ही मकान में रहता है। दोनों भाइयों के मकानों की बाखल एक ही है। माता पिता छोटे भाई रामनिवास के साथ रहते है। छोटा भाई मानसिक रोग से पीड़ित है और उसका चार पांच साल से बीकानेर ईलाज चल रहा है। वह आए दिन घर में झगड़ा फसाद करता है। परिवादी ने बताया कि बीती रात हम सब खाना खाकर घर की बाखल में सो गए और थोड़ी दूरी पर रामनिवास भी अपनी चारपाई लगाकर सो गया। सुबह करीब चार बजे रामनिवास की पत्नी ने शोर मचाया तो वह मौके पर पहुंचा। उस समय रामनिवास उसकी माँ को चारपाई के ऊपर इधर उधर घसीट रहा था। माँ के सिर पर गहरी चोट लगी थी जिससे खून बह रहा था और वह बेसुध हालात में थी। भाई को देखकर आरोपी मौके से चला गया। परिवादी ने बताया कि रामनिवास की पत्नी ने उसे बताया कि वह रात दो बजे तक जाग रही थी। तब तक रामनिवास घर में इधर उधर घूम रहा था। उसे नींद आने पर रामनिवास ने माँ के सिर में लाठी की चोटें मारी और उसे जगाकर कहा कि माँ तो मर गई। पुलिस ने आरोपी को डिटेन कर लिया है व मामला दर्ज कर जांच थानाधिकारी कश्यपसिंह को दी गई है। बता देवें एफएसएल टीम ने भी मौके पर पहुंचकर सबूत जुटांए है। शव का पोस्टमार्टम करवाने के लिए परिजन व पुलिस उपजिला अस्पताल पहुंच गई है।


