July 11, 2026
00000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 जुलाई 2026। क्षेत्र के गांव मोमासर में स्वीकृत एफएसटीपी (फीकल स्लज ट्रीटमेंट प्लांट) के निर्माण का ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया है। शुक्रवार शाम भोमियाजी मंदिर प्रांगण में आयोजित बैठक में बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हुए और सर्वसम्मति से प्लांट का स्थान बदलने की मांग उठाई। इसके बाद ग्रामीण मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि जिस स्थान पर प्लांट का निर्माण प्रस्तावित है, वह गांव का सार्वजनिक स्थल है। यहां वर्षों से तीज-त्योहारों पर मेले एवं सामाजिक और धार्मिक आयोजन होते रहे हैं। इसी परिसर के निकट बालाजी एवं माताजी के मंदिर, एक प्राचीन जलाशय, आबादी क्षेत्र तथा बालिका विद्यालय स्थित है। ग्रामीणों का कहना है कि चारदीवारी से घिरा यह गांव का एकमात्र सार्वजनिक स्थल है, इसलिए यहां एफएसटीपी प्लांट स्थापित करना उचित नहीं होगा। उन्होंने प्रशासन से प्लांट का स्थान परिवर्तन कर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर निर्माण कराने की मांग की है।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों ने जिला कलेक्टर के नाम ज्ञापन भेजते हुए मांग की कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए प्रस्तावित स्थल को बदला जाए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो ग्रामीण लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन जारी रखेंगे। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व सरपंच जेठाराम भामूं, पूर्व जिला परिषद सदस्य सुभाष कमलियां एवं युवा बीरबल पूनियां ने ग्रामीणों से एकजुट रहकर गांव के हित में संघर्ष करने का आह्वान किया। इस दौरान नान सोनी, हरि बैरा, भीखाराम पांडर, विजयपाल भामूं, शिव प्रकाश, हरी सारण, राकेश भामूं, जोराराम पूनियां, रामनिवास चोटियां, हनुमान बांगड़वा, जसकरण लावा, नानूराम, बीरबल खिलेरी, परमेश्वर जाखड़, हीरालाल सारण, पुन्नाराम खिलेरी, ओमप्रकाश गोदारा, भंवरलाल गोदारा, भंवरलाल डबास, ओमप्रकाश रोझ, सुशील राजपुरोहित, पिताराम सारण, सुरजाराम मोरवाल, अशोक शर्मा, लालचंद, पवन सोनी, लूणाराम प्रजापत, राकेश बांगड़वा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं युवा मौजूद रहे।