July 5, 2026
WhatsApp Image 2026-07-05 at 19.00.04

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 5 जुलाई 2026। क्षेत्र में मानसून की बेरुखी और भीषण गर्मी ने किसानों की उम्मीदों पर पानी फेरना शुरू कर दिया है। 15 जून के बाद से बारिश नहीं होने के कारण खेतों में खड़ी मूंग की फसल सूखने लगी है। लगातार बढ़ते तापमान और गर्म हवाओं से फसलें झुलस रही है, जिससे बारानी क्षेत्र के किसानों के माथे पर चिंता में हैं। किसानों ने मायूसी के साथ कहा कि दो चार दिन में बरसात नहीं हुई तो किसानों को खासा नुकसान हो जाएगा। किसान परिवार बरसात की कामनाओं के साथ प्रार्थनाएं करने लगें है।
आसमान से बरसती तेज धूप और सूखी धरती के कारण मूंग की फसल लगातार प्रभावित हो रही है। बारिश के अभाव में खेतों की मिट्टी की नमी पूरी तरह खत्म हो गई है। तेज धूप के कारण मूंग के पौधे मुरझाने लगे हैं और कई स्थानों पर फसल सूखने की स्थिति में पहुंच गई है। गांव उदरासर के किसान दुलदास स्वामी ने बताया कि किसानों ने मूंग का बिजान अधिक किया है। किसी ने 10 तो किसी ने 40 बीघा तक बिजान किया है। ऐसे में बारानी किसानों की चिंता व परेशानी बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि यदि अगले दो-चार दिनों में अच्छी बारिश नहीं हुई तो फसल को बचाना मुश्किल हो जाएगा। किसानों ने बताया कि इस बार अच्छी पैदावार की उम्मीद में उन्होंने महंगे बीज, खाद और जुताई पर काफी खर्च किया था। अधिकांश बारानी किसानों ने कर्ज लेकर बुवाई की है, लेकिन समय पर बारिश नहीं होने से अब उनकी मेहनत और पूंजी दोनों संकट में पड़ गई हैं। किसानों ने मायूसी के साथ बताया कि हालात ऐसे बने हुए हैं कि फसल बचाना तो दूर, लागत निकलना भी मुश्किल हो जाएगा।
किसानों का कहना है कि दिन-रात खेतों में मेहनत करने के बावजूद प्रकृति की बेरुखी ने उन्हें मायूस कर दिया है। किसानों ने चिंता जताई कि यदि जल्द ही अच्छी बारिश नहीं हुई तो बारानी क्षेत्र में मूंग की अधिकांश फसल खराब हो सकती है, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। किसानों ने समय पर वर्षा नहीं होने से होने वाले नुकसान का आंकलन किए जाने व प्रभावित कर्जदार किसानों के हित में सहायता दिए जाने की सरकार से मांग की है। वहीं बता देवें मौसम विभाग ने बीकानेर संभाग में कहीं कहीं 6 से 9 जुलाई के बीच हल्की बरसात की उम्मीद जताई है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। धरती से नमी खत्म हुई, तपती धूप से झूलसने लगे पौधे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उगाव देखकर प्रसन्न हुए किसान परिवार कर रहें बरसात की प्रार्थना, मूंग की फसल पर मंडराने लगे संकट।