July 4, 2026
WhatsApp Image 2026-07-04 at 19.42.05

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 जुलाई 2026। गत 21 जून को क्षेत्र के गांव बिग्गा के हनुमानजी मंदिर मे हुई चोरी के मामले में पकड़े गए चोर से सामान खरीदने के आरोप में श्रीडूंगरगढ़ निवासी एक स्वर्णकार को गिरफ़्तार कर माल बरामद किया गया है। श्रीडूंगरगढ़ थानाधिकारी कश्यप सिंह ने बताया कि मामले की जांच एएसआई भगवानाराम को दी गई थी एवं इस मामले में चूरू जेल से प्रोडेक्शन वांरट पर जीतराम वाल्मिकी एवं अजय वाल्मिकी को पकड़ा गया था। दोनो को रिमांड पर लिया गया तो आरोपियों ने चोरी किया गया माल श्रीडूंगरगढ़ में कालूबास निवासी अनिल कुमार पुत्र शिवप्रकाश सोनी को बेचने की जानकारी दी। इस पर चोरों से माल खरीदने वाले आरोपी स्वर्णकार अनिल सोनी को मोमासर बास में रामदेवजी मंदिर के पास स्थित उसकी दुकान से गिरफ्तार किया गया एवं चोरों से खरीदे गए दो तांबें के कलश एवं 34 नग चांदी के छत्र बरामद किए गए। आरोपियों ने शनिवार को न्यायालय में पेश किया गया। जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में बीकानेर जेल भेजा गया।