






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 3 जुलाई 2026। आरएलपी के युवा नेता डॉ विवेक माचरा ने शुक्रवार को जयपुर में उपमुख्यमंत्री व वित्त मंत्री दिया कुमारी से मुलाकात की और श्रीडूंगरगढ़ में ट्रोमा हॉस्पिटल निर्माण शीघ्र शुरू करवाने की मांग उठाई। डॉ माचरा ने गत दिनों हाइवे पर एक ही परिवार की तीन पीढ़ी के सात लोगों की मौत व कालू रोड पर राजेरा निवासी दो सगे भाइयों की मौत की दर्दनाक घटनाओं की जानकारी देते हुए परिवार उजड़ने जाने का दर्द जानकर ट्रोमा बनाने की बात कही।
माचरा ने स्थानीय विधायक पर आरोप लगाते हुए ईलाज नहीं मिलने से दम तोड़ रही जिदंगियों के बारे में राज्य सरकार द्वारा संवेदनशीलता बरत कर निर्णय लेने का आग्रह किया। माचरा ने गुसाईंसर में सीएम की घोषणा, 15 जुन को मंत्री सुमित गोदारा की जनसुनवाई में ट्रोमा मुद्दा गूंजने, क्षेत्र के युवाओं में आक्रोश होने, ट्रोमा निर्माण के लिए आगे आए भामाशाह के साथ दुर्व्यवहार किए जाने, जानबूझकर निर्माण में रोड़े अटकाने, हिंदू मुस्लिम सामाजिक एकता और प्रेम के सिंबल के रूप में बन रहें ट्रोमा की भूमि बदलवाने के कुत्सित प्रयास किए जाने के आरोप लगाए। डॉ माचरा ने बताया कि उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने उनकी पूरी बात ध्यान से सुनी व पूरे मामले जानकारी लेने, इसे देखने व इसमें उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।




