







श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 1 जुलाई 2026। बुधवार को क्षेत्र की ग्राम पंचायत कल्याणसर नया और ऊपनी में “ग्रामीण सेवा शिविर-2026” का आयोजन किया गया। उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा के निर्देशन में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने मौके पर ही आमजन की समस्याएं सुनकर अनेक प्रकरणों का निस्तारण किया। शिविर के दौरान पंचायती राज विभाग ने राजस्थान पंचायती राज नियम, 1996 के तहत 62 आवासीय पट्टे जारी किए, जिनमें 13 पट्टे विमुक्त, घुमंतू एवं अर्द्धघुमंतू परिवारों को दिए गए। इसके अलावा एक राशन कार्ड ट्रांसफर, एक मृत्यु प्रमाण पत्र और चार जन्म प्रमाण पत्र मौके पर जारी किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत 48 परिवारों को स्वीकृति प्रदान की गई तथा मनरेगा के तहत 456 श्रमिकों को जागरूक कर दो नए कार्य प्रस्ताव प्राप्त किए गए।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के दो नए आवेदन प्राप्त किए तथा चार पात्र व्यक्तियों का वार्षिक भौतिक सत्यापन किया। पालनहार योजना के तहत छह नए आवेदन प्राप्त किए गए और पांच लाभार्थियों का सत्यापन किया गया। अनुजा निगम के माध्यम से दो पात्र व्यक्तियों के ऋण आवेदन भी तैयार करवाए गए।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने 120 ग्रामीणों को विभिन्न योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित किया। विभाग ने दो गर्भवती महिलाओं और एक बच्चे का पंजीकरण किया तथा दो बच्चों के आधार नामांकन किए। शिविर में आंगनबाड़ी प्रवेशोत्सव और गोद भराई कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। साथ ही किराए के भवन में संचालित एक आंगनबाड़ी केंद्र के लिए स्थायी पट्टा जारी किया गया।
पशुपालन विभाग ने 40 पशुपालकों को लाभान्वित करते हुए 89 बीमार पशुओं का उपचार किया। विभाग ने 100 पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण, 200 पशुओं को कृमिनाशक दवा पिलाने और 90 स्थानों पर परजीवी नाशक दवा का छिड़काव किया। इसके अलावा नौ मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा पॉलिसियों का वितरण किया गया।
राजस्व विभाग ने आपसी सहमति से खाता विभाजन और नाम शुद्धि (म्यूटेशन) के कई प्रकरणों का निस्तारण किया। वहीं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने पेयजल, क्लोरीनीकरण और पाइपलाइन लीकेज से जुड़ी छह शिकायतों का समाधान किया। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम ने ग्रामीणों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर दवाइयां और ओआरएस पैकेट वितरित किए गए। उपखंड अधिकारी शुभम शर्मा ने अधिकारियों को शिविर में प्राप्त सभी प्रकरण का संवेदनशीलता के साथ त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विदित रहे कि दिन में बिजली विभाग पर अपनी मनमर्जी करने के आरोप लगाते हुए सक्षम प्रशासनिक अधिकारी के शिविर में आने की मांग पर ग्रामीणों ने नारेबाजी कर विरोध भी जताया था। यह खबर टाइम्स द्वारा मुखरता से प्रकाशित करने के बाद तहसीलदार शिविरों में पहुंचे व ग्रामीणों के काम हुए।



