June 13, 2026
4

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 जून 2026। सगे भाइयों के परिवार में महिलाओं के साथ बदसलूकी करने व मारपीट करने के आरोप में दोनों पक्षों ने इसी परिवार के छह सदस्यों के खिलाफ श्रीडूंगरगढ़ थाने में मामले दर्ज करवाए है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे को जान से मारने की धमकियां देने के आरोप लगाए। पुलिस ने दोनों ही मामलों की जांच एसआई पवन कुमार को सौंप दी है।
जेठूतों के खिलाफ बदतमीजी व मारपीट के आरोप में मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव ठुकरियासर निवासी संजू पत्नी भलूराम सांसी ने पुलिस को बताया कि ठुकरियासर की रोही में उसकी ढाणी है जहां वह बच्चों के साथ रहती है। उसका पति ड्राइवरी का काम करता है जिससे अधिकतर वह घर से बाहर रहते है। इसी खेत में उसके जेठ ओमप्रकाश पुत्र बालूराम सांसी भी ढाणी बनाकर रहता है। जेठ के लड़के मदन, जैसाराम व नरेंद्र उस पर बुरी नजर रखते है। शुक्रवार सुबह 11 बजे वह अपनी ढाणी में काम कर रही थी तभी तीनों आरोपी उसकी ढाणी में घुसे उसके साथ बदसलूकी करने लगे। उसने शोर मचाया तो उसकी पुत्रियां मौके पर आई व पड़ौसियों को आवाज लगाने लगी तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की। आरोपी की माँ सीता हाथ में डंडा लेकर आई और अपने बेटों का साथ देते हुए उसके साथ मारपीट करने लगी। जिससे उसका सिर फूट गया। आरोपियों ने माँ बेटियों को जिंदा जलाकर मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जेठानी ने लगाए देवरों व उसके बेटे के खिलाफ आरोप, मामला दर्ज।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव ठुकरियासर निवासी सीता देवी पत्नी ओमप्रकाश सांसी ने पुलिस को बताया कि वह गुरूवार सुबह करीब 11.30 बजे अपनी ढाणी में घरेलू कार्य कर रही थी। तभी अचानक उसके देवर भलूराम व आसुराम पुत्रगण बालुराम व आसुराम का बेटा अनिल उसकी ढाणी में घुसे और उसे बुरी तरह से गालियां देते हुए मारपीट करने लगे। तीनों ने बदतमीजी की और उसका शोर सुनकर उसका बेटा जैसाराम जब मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ बुरी तरह से मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आई। पीड़िता व उसका बेटा उपजिला अस्पताल पहुंचे तो दोनों को बीकानेर रेफर कर दिया। जहां ट्रोमा सेंटर में उसके बेटे का अभी ईलाज चल रहा है। आरोपियों ने आईंदा दोनों को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।