






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 9 जुलाई 2026। पर्यावरण संरक्षण एवं हरित अभियान को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को ग्राम गुंसाईसर बड़ा स्थित श्रीकृष्ण गौशाला परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान 101 पीपल एवं बड़ के पौधे रोपकर उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में वन विभाग के सहायक वन संरक्षक सत्यपाल सिंह लूणकरणसर की नर्सरी से पौधे लेकर पहुंचे तथा उनकी देखरेख में पौधारोपण किया गया। उन्होंने जलवायु परिवर्तन की बढ़ती चुनौतियों पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल भी करनी चाहिए। गौशाला समिति अध्यक्ष सत्यनारायण स्वामी ने बताया कि गौशाला परिसर में पहले से 300 से अधिक खेजड़ी के वृक्ष मौजूद हैं। अब पीपल एवं बड़ के पौधे लगने से परिसर का धार्मिक एवं पर्यावरणीय महत्व और बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि गौशाला में करीब 120 अंधी गौमाताओं का संरक्षण किया जा रहा है तथा समीप स्थित कीड़ी नगरा में चुग्गा डालने के लिए भी प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। पौधारोपण अभियान में पशु चिकित्सक मुन्नीराम जाखड, श्रवण कुमार शर्मा, अणतुराम शर्मा, तोलाराम गोदारा, प्रभुराम शर्मा, श्रीरामदास स्वामी, राजूदास स्वामी, परमेश्वरदास, विजयसिंह, निमाराम गोदारा, प्रयागचंद शर्मा, संदीप, भूराराम खाती सहित अनेक ग्रामीणों और युवाओं ने श्रमदान कर पौधे लगाए। कार्यक्रम के अंत में सभी ने पौधों के संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संकल्प लिया।


