


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 अगस्त 2026। एक छोटी सी लापरवाही एक पांच साल के मासूम बच्चे अकाल मौत का कारण बन गई। क्षेत्र में एक परिवार की शोकसभा में शामिल हुए रिश्तेदारों के लिए बनाई गर्म दाल के भगोने में खेलते हुए एक मासूम गिर गया। मासूम की झूलसने से दु:खद मौत हो गई। परिवार का माहौल गमगीन हो गया और गमजदा परिजनों को ग्रामीणों ने सात्वंना दी।
क्षेत्र के गांव उदरासर निवासी कानाराम मेघवाल के भाई डूंगरराम की मृत्यु के बाद रविवार को घर में शोक का आठवां दिन था। दोपहर करीब 3 बजे घर में एकत्र हुए सभी रिश्तेदारों के लिए भोजन पकाया जा रहा था। भोजन में बनाई गई दाल एक बड़े टोपिए में डाल कर आंगन में रखी गई थी। भगोने पर ढक्कन नहीं था और वहीं पास ही खेलते खेलते अचानक कानाराम का 5 वर्षीय मासूम पोता संकेत पुत्र बाबूलाल गर्म दाल में गिर गया। गर्म दाल से संकेत बुरी तरह से झूलस गया और उसे उपजिला अस्पताल से बीकानेर रेफर कर दिया गया। जहां सोमवार को मासूम ने दम तोड़ दिया और गांव में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। बालक के दादा कानाराम की रिपोर्ट पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच एएसआई राजकुमार को दी है।






