






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 11 अक्टूबर 2026। निराश्रित गौवंश की सुरक्षा और संरक्षण के उद्देश्य से श्रीडूंगरगढ़ में रविवार को बिग्गाबास के बाबा रामदेव मंदिर प्रांगण में निराश्रित गौवंश मुक्त राजस्थान अभियान को लेकर संकल्प सभा आयोजित हुई। सभा में युवाओं ने गौवंश की रक्षा के लिए एकजुट होकर अभियान को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी तक पहुंचाने का संकल्प लिया। श्रीडूंगरगढ़ से शुरू हुई इस पहल को पूरे राजस्थान में विस्तार देने और जन-जन को गौ सेवा से जोड़ने का आह्वान किया गया। सभा को संबोधित करते हुए लाला राजस्थानी ने कहा कि गौ माता केवल एक पशु नहीं, बल्कि सनातन संस्कृति के सम्मान और आस्था का प्रतीक हैं। गौ माता को संरक्षण और सम्मान दिलाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि गौ सेवा के साथ जीव सेवा और मानव सेवा को भी समान महत्व देना चाहिए। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से इस अभियान को व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाया जा सकता है। सभा में उपस्थित युवाओं ने निराश्रित गौवंश की सुरक्षा, सेवा और संरक्षण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प लिया। इस अवसर पर रामनिवास गावड़िया, सुरेश घोटिया, प्रकाश गांधी, रवि बारूपाल, गोपीकिशन, रणधीर फौजी, योगेश सारस्वत, किशन पुरी, धर्मेंद्र सिंह, सोनू बारूपाल, जयप्रकाश सारण, त्रिलोक, राकेश सिद्ध ज्याणी, मदन सिद्ध ज्याणी एवं सीताराम सहित अनेक युवा उपस्थित रहे। इस दौरान अभियान से संबंधित पोस्टर का विमोचन किया गया।






