September 24, 2026
00001

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 सितंबर 2026। जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में सेसोमूं स्कूल के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का गौरव बढ़ाया। स्विमिंग एवं हैंडबॉल प्रतियोगिताओं में विद्यालय के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए पदक एवं महत्वपूर्ण स्थान हासिल किए। जिला स्तरीय स्विमिंग प्रतियोगिता में विद्यालय की छात्रा आराध्या जैन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर फ्री स्टाइल एवं 100 मीटर फ्री स्टाइल में स्वर्ण पदक प्राप्त किया। विशेष उपलब्धि यह रही कि 100 मीटर फ्री स्टाइल में आराध्या जैन का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ है। विद्यालय की छात्रा अनुष्वी खंडेलवाल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर बैक स्ट्रोक में स्वर्ण पदक तथा 50 मीटर फ्री स्टाइल में रजत पदक प्राप्त किया। वहीं विश्वनाथ पंवार ने 50 मीटर बैक स्ट्रोक में रजत पदक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया। हैंडबॉल प्रतियोगिता में भी सेसोमूं स्कूल के खिलाड़ियों ने उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। 70वीं जिला स्तरीय हैंडबॉल प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-14 छात्र वर्ग, अंडर-14 छात्रा वर्ग, अंडर-17 छात्र वर्ग एवं अंडर-17 छात्रा वर्ग की टीमों ने उपविजेता का स्थान प्राप्त किया। वहीं अंडर-19 छात्र वर्ग की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया। विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों का यह प्रदर्शन उनकी मेहनत, लगन, अनुशासन एवं खेल भावना को दर्शाता है। विद्यालय के चेयरमैन जगदीश प्रसाद मूंधड़ा एवं वाइस चेयरपर्सन पद्मा मूंधड़ा ने खिलाड़ियों को बधाई दी। विद्यालय के प्राचार्य सुब्रत कुंडु ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि स्विमिंग में स्वर्ण एवं रजत पदक प्राप्त करना तथा हैंडबॉल के विभिन्न आयु वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करना विद्यालय के लिए गौरव का विषय है। खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि में शारीरिक शिक्षक रामनिवास बेनीवाल एवं बीरेश राजपूत के मार्गदर्शन एवं निरंतर प्रशिक्षण का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा।