September 24, 2026
WhatsApp Image 2026-09-23 at 20.21.32 (1)

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 सितंबर 2026। क्षेत्र के गांव मणकरासर के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में बुधवार को 70वीं जिला स्तरीय 19 वर्षीय छात्रा कबड्डी प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। विद्यालय प्रांगण में उत्सव का सा माहौल रहा और उद्घाटन समारोह में विद्यार्थियों ने राजस्थान सहित हरियाणा व पंजाब की सांस्कृतिक झलक लिए सुंदर प्रस्तुतियां दी। जिले भर से अनेक टीमें प्रतियोगिता में शामिल होने माणकरासर पहुंची। बड़ी संख्या में खेल प्रेमी व ग्रामीण समारोह में शामिल हुए और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में सीबीईओ सरोज पूनियां वीर ने कहा कि बालिकाओं की खेलों में बढ़ती भागीदारी सुखद है, वहीं बालिका शिक्षा के प्रति भी समाज को जागरूक होने की जरूरत है। उन्होंने सामाजिक आयोजनों पर होने वाले खर्च का कुछ हिस्सा विद्यालयों के विकास में लगाने का आह्वान ग्रामीणों से किया। समारोह में चळकोई फाउंडेशन के संस्थापक राजवीर सिंह चळकोई की ओर से कबड्डी खेल में सात बार की नेशनल खिलाड़ी आईना सायच को स्कूटी भेंट कर सम्मानित किया गया। फाउंडेशन प्रतिनिधि के रूप में व्याख्याता छैलूदान चारण और मुख्य अतिथि ने स्कूटी की चाबी खिलाड़ी को सौंपी। उद्घाटन मैच में माणकरासर ने रूपा देवी मोहता श्रीडूंगरगढ़ के बीच खेला गया और इसमें माणकरासर विजेता रही। वहीं गुसाईंसर बड़ा, सरस्वती सूरपुरा और बींझासर की टीमों ने भी अपने मुकाबले जीतकर अगले दौर में प्रवेश कर लिया है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के आवास व भोजन की व्यवस्था ग्रामीणों की ओर सामूहिक रूप से की जा रही है। आयोजन समन्वयक गौरीशंकर जोशी सहित आयोजन टीम व्यवस्थाओं में सक्रिय भागीदारी निभा रहें है।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। जिले भर से कबड्डी टीमें प्रतियोगिता में शामिल होने पहुंची माणकरासर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। राजवीर फाउंडेशन की ओर से खिलाड़ी आईना सायच को दी गई स्कूटी।