September 25, 2026
WhatsApp Image 2026-09-25 at 20.45.19

ठुकरियासर में 2 किलोमीटर अटल पथ का निर्माण शुरू
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। ठुकरियासर गांव में उत्तरादे बास की ओर जाने वाला सड़क मार्ग लंबे समय से खराब एवं दयनीय स्थिति में था। ग्रामीणों की मांग पर अब इस मार्ग के सुधार की दिशा में पहल हुई है और 2 किलोमीटर लंबे अटल पथ का सड़क निर्माण कार्य शुरू हो गया है। पूर्व सरपंच गोपालनाथ सिद्ध, मोमासर मंडल उपाध्यक्ष ओमनाथ सिद्ध सहित ग्रामीणों ने विधायक ताराचंद सारस्वत का आभार जताया। ग्रामीणों ने बताया कि ग्रामीणों की मांग पर विधायक के प्रयासों से गांव में 2 किलोमीटर अटल पथ की स्वीकृति जारी हुई और टेंडर प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद शुक्रवार को सड़क निर्माण कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। ग्रामीणों के अनुसार इस सड़क निर्माण से बड़े वाहनों को गांव के बाहर से आवागमन का सुगम मार्ग मिल सकेगा, जिससे ग्रामीणों को काफी राहत मिलेगी।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव ठुकरियासर में अटल पथ का कार्य प्रारंभ होने पर ग्रामीणों ने जताया विधायक का आभार।

रीड़ी की बेटियों ने 14 वर्षीय कबड्डी के फाइनल में बनाई जगह
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। निकटवर्ती कस्बे कालू में चल रही 14 वर्षीय जिला स्तरीय छात्र-छात्रा कबड्डी प्रतियोगिता में रीड़ी की बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया है। सेमीफाइनल मुकाबले में रीड़ी की टीम ने एनडीएस नाथवाना को 23-18 के अंतर से पराजित कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। टीम की जीत की सूचना मिलते ही रीड़ी गांव में खुशी का माहौल छा गया है। ग्रामीणों, अभिभावकों एवं खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए फाइनल के लिए शुभकामनाएं दीं। हनुमान डूडी ने बताया कि शनिवार सुबह रीड़ी की टीम का फाइनल मुकाबला महारानी स्कूल, बीकानेर की टीम से होगा।

150 वर्ष पूर्ण होने पर गूंजा वंदे मातरम्, आदर्श विद्या मंदिर में सामूहिक गायन
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शुक्रवार को आदर्श विद्या मंदिर में सामूहिक वंदे मातरम् कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रातः 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में विद्यालय के आचार्य-दीदी एवं कर्मचारियों सहित उपस्थितजनों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम में विनोद वर्मा, पूनम मारु एडवोकेट, ललित बाहेती, व्यवस्थापक, पवन गोयतान, बबीता स्वामी, जगदीश स्वामी सहित विद्यालय परिवार के सदस्यों ने एक स्वर में वंदे मातरम् का सामूहिक गान किया। वक्ताओं ने वंदे मातरम् गीत की ऐतिहासिक जानकारी देते हुए इसे राष्ट्रप्रेम का पोषक बताया।