






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 27 जुलाई 2026। यदि आमजन जागरूक रहें और तकनीक का सही समय पर उपयोग करें, तो चोरी या गुम हुआ सामान भी वापस मिल सकता है। इसका ताजा उदाहरण महाजन थाना क्षेत्र में देखने को मिला, जहां भारत सरकार के CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल और महाजन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से करीब एक माह पहले चोरी हुआ मोबाइल उसके वास्तविक मालिक को वापस मिल गया।
देराजसर निवासी दिनेश कुमार बुच्चा का मोबाइल 12 जून को भारतमाला रोड स्थित अर्जुनसर टोल नाका के पास एक चाय के ढाबे से अज्ञात व्यक्ति चुरा ले गया था। घटना के बाद हार मानने के बजाय दिनेश ने तत्काल ऑनलाइन पुलिस शिकायत दर्ज कराई और भारत सरकार के CEIR पोर्टल पर मोबाइल को ब्लॉक कर दिया, जिससे चोरी हुआ फोन निगरानी में आ गया। करीब एक माह बाद 20 जुलाई को जैसे ही किसी व्यक्ति ने चोरी हुए मोबाइल में नई सिम डाली, CEIR पोर्टल के ऑटोमैटिक सिस्टम ने तुरंत दिनेश कुमार को अलर्ट भेज दिया। अलर्ट मिलते ही उन्होंने बिना देरी किए महाजन थाना पुलिस से संपर्क किया और पूरी जानकारी उपलब्ध कराई।
मामले की जांच संभाल रहे कांस्टेबल रामनिवास ने तकनीकी इनपुट के आधार पर मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की और कार्रवाई शुरू की। थाना प्रभारी (एसआई) अनूप सिंह के निर्देशन में पुलिस ने मोबाइल बरामद कर लिया। एसआई अनूप सिंह ने बताया कि जांच में सामने आया कि मोबाइल बठिंडा के एक व्यक्ति ने चोरी किया था। बाद में उसने यह मोबाइल अलवर निवासी एक ट्रक चालक को बेच दिया। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर मोबाइल जब्त कर सोमवार को उसके वास्तविक मालिक दिनेश कुमार बुच्चा को सौंप दिया।
मोबाइल वापस मिलने पर दिनेश कुमार बुच्चा ने महाजन थाना पुलिस, विशेष रूप से थाना प्रभारी एसआई अनूप सिंह और कांस्टेबल रामनिवास का आभार व्यक्त करते हुए उनकी तत्परता और प्रभावी कार्रवाई की सराहना की। यह घटना आमजन के लिए भी एक महत्वपूर्ण संदेश है कि मोबाइल चोरी या गुम होने पर निराश होने के बजाय तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराएं और भारत सरकार के CEIR पोर्टल पर मोबाइल ब्लॉक करें। ऐसा करने से मोबाइल का दुरुपयोग रोका जा सकता है और उसके बरामद होने की संभावना भी काफी बढ़ जाती है।





