July 23, 2026
008-vinod-giri

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 जुलाई 2026। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहें छात्र आंदोलन में गुरुवार को विभिन्न राज्यों से पहुंचे छात्रों और सामाजिक-राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर छात्रों की मांगों का समर्थन किया। आंदोलन में शामिल छात्रों ने मुख्य रूप से केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे तथा शिक्षा एवं परीक्षा प्रणाली में सुधार की मांग उठाई। इसके साथ ही पेपर लीक मामलों में शामिल सभी दोषियों के विरुद्ध निष्पक्ष जांच और कड़ी कार्रवाई की भी मांग की गई।
प्रदर्शन को समर्थन देने कांग्रेस के युवा विमल भाटी भी पहुंचे। भाटी ने बताया कि धरना स्थल पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद है। प्रदर्शन के दौरान अनेक स्वयंसेवकों और सामाजिक संगठनों की ओर से भोजन एवं पेयजल की व्यवस्था की जा रही है। आंदोलन स्थल पर शांतिपूर्ण ढंग से अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा है। प्रदर्शन में शामिल विभिन्न राज्यों के लोगों व छात्रों ने पेपर लीक मामलों और प्रदर्शनकारियों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर भी अपनी नाराजगी व्यक्त की और सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की। धरना स्थल पर कांग्रेस सेवादल के जिला उपाध्यक्ष मुरली पन्नू (सिंथल), श्रीडूंगरगढ़ के विक्रम सिंह राठौड़, रामकुमार नाहर, जसवीर नाहर, बेगाराम सारण सहित अन्य लोग भी उपस्थित रहें।