


श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 सितंबर 2026। नगरपालिका चुनाव के परिणामों में प्रत्याशियों की जीत-हार के साथ नोटा (इनमें से कोई नहीं) के आंकड़े भी खासे रोचक सामने आए हैं। वार्डवार प्राप्त आंकड़ों के अनुसार नोटा को 205 वोट मिले, जिनमें वार्ड 19 और 31 में नोटा को मिले वोट जीत के अंतर से अधिक रहे। ऐसे में यदि ये मत किसी प्रत्याशी के पक्ष में जाते तो दोनों वार्डों में हार-जीत का समीकरण प्रभावित हो सकता था।
वार्ड 19 में सबसे अधिक 15 वोट NOTA को मिले। यहां माकपा के जगदीश ने 531 वोट हासिल कर कांग्रेस के ओमप्रकाश को 11 मतों से हराया। यानी जीत का अंतर 11 वोट रहा, जबकि नोटा को इससे चार वोट अधिक मिले। इसी तरह वार्ड 31 में भाजपा के रामकुमार स्वामी महज 2 वोटों से विजयी हुए, जबकि यहां नोटा को 3 वोट मिले। ऐसे में इस वार्ड में भी नोटा के मत जीत के अंतर से अधिक रहे। नोटा के आंकड़ों में वार्ड 13 सबसे आगे रहा, जहां 16 मतदाताओं ने किसी भी प्रत्याशी को चुनने के बजाय नोटा का विकल्प चुना। वार्ड 19 में 15, जबकि वार्ड 1 और वार्ड 8 में 12-12 वोट नोटा को मिले। इस तरह चार वार्डों में नोटा को एक दर्जन या उससे अधिक मत प्राप्त हुए। वहीं दूसरी ओर वार्ड 29 और वार्ड 30 ऐसे रहे, जहां नोटा को एक भी वोट नहीं मिला। अन्य वार्डों में NOTA के आंकड़े एक से लेकर 12 तक रहे।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार नोटा के मत सीधे तौर पर किसी प्रत्याशी की जीत-हार में नहीं जोड़े जाते और इनका कोई चुनावी या कानूनी प्रभाव नहीं होता। हालांकि किसी वार्ड में नोटा का आंकड़ा अपेक्षाकृत अधिक होना राजनीतिक दलों के लिए बेहतर और स्वीकार्य उम्मीदवार मैदान में उतारने का नैतिक संदेश जरूर माना जा सकता है।
देखें, किस वार्ड में कितने वोट NOTA को मिले
वार्ड 1 में 12, वार्ड 2 में 10, वार्ड 3 में 4, वार्ड 4 में 3, वार्ड 5 में 2, वार्ड 6 में 7, वार्ड 7 में 5, वार्ड 8 में 12, वार्ड 9 में 4, वार्ड 10 में 1, वार्ड 11 में 2, वार्ड 12 में 6, वार्ड 13 में 16, वार्ड 14 में 11, वार्ड 15 में 1, वार्ड 16 में 7, वार्ड 17 में 6, वार्ड 18 में 5, वार्ड 19 में 15, वार्ड 20 में 9, वार्ड 21 में 4, वार्ड 22 में 8, वार्ड 23 में 2, वार्ड 24 में 10, वार्ड 25 में 4, वार्ड 26 में 4, वार्ड 27 में 5, वार्ड 28 में 2, वार्ड 29 में 0, वार्ड 30 में 0, वार्ड 31 में 3, वार्ड 32 में 3, वार्ड 33 में 3, वार्ड 34 में 5, वार्ड 35 में 1, वार्ड 36 में 1, वार्ड 37 में 2, वार्ड 38 में 2, वार्ड 39 में 4 और वार्ड 40 में 4 वोट नोटा को मिले।







