September 15, 2026
001

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 सितंबर 2026। श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका बोर्ड के अध्यक्ष पद के निर्वाचन को लेकर पार्टियों की सरगर्मियां तेज हो गई है। वहीं निर्वाचन अधिकारी ने इसकी लोक सूचना जारी कर दी गई है। निर्वाचन अधिकारी की ओर से जारी सूचना के अनुसार अध्यक्ष पद के लिए नामांकन प्रक्रिया 15 सितंबर से शुरू होकर 16 सितंबर 2026 तक चलेगी। इसके बाद नगरपालिका अध्यक्ष की कुर्सी के लिए चुनावी प्रक्रिया तेजी पकड़ेगी। विदित रहें अध्यक्ष पद सामान्य श्रेणी का है। अभ्यर्थी या उसके प्रस्तावक द्वारा नामांकन पत्र नगरपालिका श्रीडूंगरगढ़ कार्यालय के सभा भवन में निर्धारित समय के दौरान प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्र 15 एवं 16 सितंबर को प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक प्रस्तुत किए जा सकेंगे। निर्वाचन अधिकारी झंवरलाल मित्तल ने बताया कि नामांकन पत्रों की संवीक्षा के लिए 17 सितंबर को प्रातः 10:30 बजे से समय निर्धारित किया गया है। वहीं अभ्यर्थिता वापस लेने की सूचना 18 सितंबर को दोपहर 3 बजे तक दी जा सकेगी। निर्वाचन लड़ने की स्थिति में मतदान 21 सितंबर 2026 को प्रातः 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक नगरपालिका में आयोजित निर्वाचित सदस्यों की बैठक में होगा।
अध्यक्ष पद के निर्वाचन की इस घोषणा के साथ ही नगरपालिका की राजनीति में हलचल और तेज होने के आसार हैं। निर्वाचित पार्षदों के बीच जोड़-तोड़ और समर्थन जुटाने की कवायद अब निर्णायक दौर में पहुंचेगी। अध्यक्ष पद पर किसका कब्जा होगा, इसे लेकर शहर की राजनीतिक निगाहें आगामी दिनों की गतिविधियों पर टिकी रहेंगी।