श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 अक्टूबर 2026। श्रीडूंगरगढ़ में ट्रॉमा सेंटर एवं उप जिला अस्पताल निर्माण की मांग को लेकर ट्रॉमा सेंटर निर्माण संघर्ष समिति के धरने के दो वर्ष गुरूवार पूरे हो गए हैं। 732 दिनों से जारी संघर्ष के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं होने पर समिति ने मुख्यमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर जल्द निर्माण शुरू करवाने की मांग की। समिति ने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा। समिति ने ज्ञापन में बताया कि ट्रॉमा सेंटर के लिए जगह और राशि की घोषणा के साथ 25 करोड़ रुपये की घोषणा भी की जा चुकी है। प्रशासन की ओर से कई बार एक सप्ताह में निर्माण शुरू करवाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन अब तक काम शुरू नहीं हुआ। समिति ने आरोप लगाया कि ट्रॉमा सेंटर के लिए निर्धारित जगह बदलने और निर्माण कार्य रोकने के प्रयास हुए, जबकि निर्माण शुरू करवाने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए।
हादसों के बीच चिकित्सा सुविधा का इंतजार
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। समिति सदस्यों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं और गंभीर घायलों को समय पर आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करवाना चुनौती बना हुआ है। ऐसे में ट्रॉमा सेंटर एवं उप जिला अस्पताल का निर्माण क्षेत्र की प्रमुख आवश्यकता है। समिति ने मुख्यमंत्री से मांग की कि क्षेत्रवासियों के जीवन और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाया जाए।
चक्का जाम आंदोलन की चेतावनी
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। समिति ने कहा कि पिछले दो वर्षों से धरने के माध्यम से मांग उठाई जा रही है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। यदि जल्द निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो श्रीडूंगरगढ़ में चक्का जाम आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार और स्थानीय प्रशासन की होगी। समिति ने कहा कि अब घोषणाओं से आगे बढ़कर धरातल पर काम शुरू करने की जरूरत है।
इस अवसर पर संघर्ष समिति के मदन लाल प्रजापत, हरि प्रसाद सिखवाल, रामकिशन गांवड़िया, गौरव टाडा, भरत सिखवाल, विजय कुमार वाल्मीकि एवं विक्रम वाल्मीकि सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
732 दिन से धरना, ट्रॉमा संघर्ष के दो साल पूरे, आंदोलन तेज करने की दी चेतावनी
यह भी पढ़ें (Also Read)
सारस्वत दंपत्ती ने किया मेले में गणेश पूजन, मेलों को बताया सामाजिक व सांस्कृतिक धरोहर