श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 15 अक्टूबर 2026। विधानसभा क्षेत्र में कोई भी पात्र मतदाता पंजीकरण से वंचित न रहे, इसके लिए निर्वाचन विभाग ने विशेष अभियान शुरू किया है। इसी को लेकर गुरुवार को उपखंड सभागार में बीएलओ सुपरवाइजर्स की बैठक आयोजित हुई। उपखंड अधिकारी झंवरलाल मित्तल के निर्देशानुसार आयोजित बैठक में सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी एवं तहसीलदार वर्धन शर्मा ने 18-19 वर्ष आयु वर्ग के पात्र युवाओं का अधिकाधिक पंजीकरण करवाने के निर्देश दिए। बैठक में नायब तहसीलदार निर्वाचन रमेश सिंह चौहान ने स्वीप कार्ययोजना के तहत पात्र युवाओं से फॉर्म नंबर-6 भरवाने पर जोर दिया। निर्वाचन शाखा के विनोद शर्मा ने बीएलओ सुपरवाइजर्स को दैनिक गतिविधियों की प्रभावी निगरानी करते हुए मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित युवाओं की पहचान कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। नौरतमल शर्मा ने बताया कि नए मतदाता पंजीकरण में घोषणा पत्र प्रारूप-4 की अनिवार्यता समाप्त कर दी गई है। बैठक में मनीष सैनी, लीलाराम मीणा सहित निर्वाचन शाखा के कार्मिक उपस्थित रहे। निर्वाचन विभाग ने पात्र युवाओं से अभियान के दौरान अपना नाम मतदाता सूची में जुड़वाने की अपील की है।
21 अक्टूबर को सभी 294 मतदान केंद्रों पर शिविर
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। निर्वाचन विभाग के अनुसार 9 से 21 अक्टूबर तक स्वीप कार्ययोजना के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। गुरुवार, 15 अक्टूबर को क्षेत्र के सभी माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक विद्यालयों में 18 वर्ष या अधिक आयु के विद्यार्थियों को फॉर्म नंबर-6 वितरित कर भरवाए गए। शुक्रवार, 16 अक्टूबर को क्षेत्र के सभी छात्रावासों में हॉस्टल वार्डन के सहयोग से बीएलओ पात्र युवाओं से संपर्क कर फॉर्म नंबर-6 भरवाएंगे। वहीं, 21 अक्टूबर को श्रीडूंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र के सभी 294 मतदान केंद्रों पर विशेष मेगा कैंप आयोजित होंगे। इन शिविरों में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित पात्र युवाओं का पंजीकरण किया जाएगा।