श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 अक्टूबर 2026। किसानों को गुणवत्तायुक्त कृषि आदान उपलब्ध करवाने और उर्वरक वितरण में अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए कृषि विभाग ने कार्रवाई की है। सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) श्रीडूंगरगढ़ रघुवर दयाल सुथार की जांच एवं अनुशंसा के आधार पर संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) ने जीएसएस लिमिटेड दुलचासर का उर्वरक पंजीयन प्रमाण पत्र 15 दिनों के लिए निलंबित कर दिया है। कृषि विभाग की ओर से संचालित विशेष रबी गुण नियंत्रण अभियान के तहत क्षेत्र के उर्वरक विक्रय केंद्रों और ग्राम सेवा सहकारी समितियों की निगरानी की जा रही है। इसी दौरान दुलचासर जीएसएस में उर्वरक वितरण के दौरान टैगिंग संबंधी अनियमितताएं सामने आईं। जांच में मिली गड़बड़ी के बाद सहायक निदेशक कृषि रघुवर दयाल सुथार ने उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर संबंधित जीएसएस का पंजीकरण निलंबित करने की अनुशंसा की थी। इस पर संयुक्त निदेशक ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए पंजीकरण तत्काल प्रभाव से 15 दिनों के लिए निलंबित कर दिया। सहायक निदेशक सुथार ने बताया कि क्षेत्र में कृषि आदान निरीक्षकों द्वारा लगातार औचक निरीक्षण किए जा रहे हैं। उर्वरकों की उपलब्धता, आपूर्ति और वितरण की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों को समय पर गुणवत्तायुक्त उर्वरक उपलब्ध करवाना विभाग की प्राथमिकता है। वितरण में अनियमितता, कालाबाजारी अथवा नियमों के उल्लंघन पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
