श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 अक्टूबर 2026। क्षेत्र में चिकित्सा सेवाओं के प्रति सजगता और नर्सिंग स्टाफ की सूझबूझ का सराहनीय उदाहरण सामने आया। गुरुवार रात मोमासर सीएचसी से बीकानेर पीबीएम अस्पताल के लिए रेफर की गई गर्भवती महिला का रास्ते में ही 108 एंबुलेंस में सुरक्षित प्रसव करवाया गया। एंबुलेंस में नवजात की किलकारी गूंजते ही परिजनों की चिंता खुशी में बदल गई।
जानकारी के अनुसार गुरुवार को मोमासर सीएचसी से 20 वर्षीय गर्भवती महिला को बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए बीकानेर पीबीएम अस्पताल रेफर किया गया था। परिजन बच्चे की सुरक्षा को लेकर चिंतित थे। एंबुलेंस ईएमटी सुरेंद्र ढाका महिला को लेकर बीकानेर रवाना हुए। इसी दौरान गुरुवार रात करीब 9 बजे गांव ठुकरियासर के पास महिला को प्रसव पीड़ा तेज हुई। परिस्थिति को समझते हुए ईएमटी सुरेंद्र ढाका ने सूझबूझ और तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव करवाया। ईएमटी ढाका ने बताया कि जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं। उन्होंने सीनियर अधिकारियों से बातचीत कर दोनों को वापस मोमासर सीएचसी पहुंचाया, जहां उन्हें भर्ती करवाया गया। आपात स्थिति में एंबुलेंस कर्मी की तत्परता और सूझबूझ से सुरक्षित प्रसव होने पर परिजनों ने राहत की सांस ली।

14c2eec3-7d4d-4ee4-a018-1f5a345730d0-ELPhNgOo.webp