श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 30 अक्टूबर 2026। प्रदेश की भजनलाल सरकार ने दीपावली के अवसर पर प्रदेश के किसानों को बड़ी सौगात देते हुए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत लगभग 345 करोड़ रुपये के लंबित फसल बीमा दावों का भुगतान किया है। वहीं बीकानेर को 114.02 करोड़ रुपये के फसल बीमा दावों का भुगतान किसानों को किया गया है। राज्य सरकार की इस महत्वपूर्ण पहल से प्राकृतिक आपदाओं एवं प्रतिकूल मौसम की मार झेल रहे किसानों को आर्थिक संबल मिला है।
किसानों को बड़ी राहत, 114.02 करोड़ रुपये के दावों का भुगतान
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कृषि आयुक्त नरेश कुमार गोयल के निर्देशानुसार संयुक्त निदेशक कृषि मदनलाल ने बताया कि रबी 2025-26 के दौरान सूखे से प्रभावित किसानों को राहत प्रदान करते हुए राज्य सरकार ने अधिसूचित बीमा कंपनियों एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी ऑफ इंडिया लिमिटेड के माध्यम से लगभग 114.02 करोड़ रुपये के फसल बीमा दावों का भुगतान करवाया गया है। इस पहल से सूखे के कारण फसल नुकसान का सामना करने वाले किसानों को बड़ी आर्थिक राहत मिली है।
तहसील वार क्लेम राशि।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। उद्यान विभाग के सहायक निदेशक मुकेश गहलोत ने बताया कि तहसील छतरगढ़ के 9921 किसानों को 25.39 करोड रुपए की राशि, श्रीडूंगरगढ़ के 14917 किसानों को 30.98 करोड रुपए की राशि, तहसील लूणकरणसर के 17753 किसानों को 29.08 करोड रुपए की राशि, तहसील नोखा के 4486 किसानों को 15.81 करोड रुपए की राशि का क्लेम हस्तांतरण किया गया है अन्य तहसील बज्जू, बीकानेर, हदां, जसरासर, खाजूवाला, कोलायत व पूगल में भी राशि रू 12.83 करोड़ किसानों को क्लेम के पेटे स्थानांतरित की गई है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों की आय की सुरक्षा, कृषि जोखिमों को कम करने तथा संकट के समय अन्नदाताओं को आर्थिक संबल प्रदान करने के लिए संकल्पबद्ध है।