श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 2 नवंबर 2026। रेलवे पुलिस और सुरक्षा बल की एक संयुक्त टीम ने सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन पर बड़ी कार्रवाई करते हुए श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के गांव कल्याणसर निवासी 19 वर्षीय शिवरतन महिया को 60 लाख रुपये के जाली नोटों के साथ गिरफ्तार किया है। श्रीडूंगरगढ़ के रेलवे पुलिस इंस्पेक्टर भवानी सारस्वत ने बताया आरोपी युवक जयपुर से 60 लाख रुपये के जाली नोट लेकर हैदराबाद के रास्ते मुंबई ले जाने की फिराक में था। जांच में यह खुलासा हुआ कि 28 अक्टूबर को जयपुर स्टेशन पर ओमप्रकाश ने शिवरतन को जाली नोटों से भरा बैग सौंपा था और उसे पहले हैदराबाद तथा बाद में मुंबई जाने के निर्देश दिए थे। शिवरतन मैसूर जाने वाली ट्रेन से काचेगुड़ा पहुंचा और वहां एक धर्मशाला में रात बिताई। अगले दिन बाढ़ के कारण कोणार्क एक्सप्रेस रद्द हो जाने के कारण, ओमप्रकाश ने उसे सिकंदराबाद से मुंबई जाने वाली ट्रेन पकड़ने को कहा। जैसे ही वह ट्रेन में बैठा, उसके महज दस मिनट बाद ही संयुक्त टीम ने उसे धर दबोच लिया। मामले की जांच की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार नोटों में ऊपर नीचे असली नोट व बीच में सफेद नोट के आकार सफेद कागज दबे थे। आरोपी ने जिस ओमप्रकाश द्वारा नोट दिए जाने की बात कही यह युवक भी क्षेत्र के गांव जैतासर का युवक ओमप्रकाश नैन है। विदित रहें गत दिनों श्रीडूंगरगढ़ पुलिस ने भी बड़ी रकम ऐसे ही नोटो की पकड़ी। लगातार क्षेत्र के युवकों की संलिप्तता नकली नोटों के गम्भीर मामलों में सामने आ रही है। जांच टीम ने इस गिरोह के श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र से संचालित होने का अंदेशा जताते हुए कई एंगल से जांच कर रही है।

