








माकपा जिला परिषद व सभी पंचायत समितियों के चुनाव लड़ेगी
फसल खराबे को लेकर विशेष गिरदावरी व अकाल घोषित करने की मांग
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) की जिला बीकानेर कमेटी की बैठक शुक्रवार को हुई, जिसमें पार्टी ने जिला परिषद के साथ जिले की सभी पंचायत समितियों के चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। इसके लिए गांव-गांव संगठन को मजबूत करने और जनसंपर्क अभियान तेज करने पर जोर दिया गया। पूर्व विधायक कॉमरेड गिरधारीलाल महिया ने दावा किया कि जिले में करीब 80 प्रतिशत फसलें खराब हो गई हैं। उन्होंने समय पर बारिश नहीं होने, बिजली की पर्याप्त उपलब्धता नहीं रहने और नहरी पानी की आपूर्ति प्रभावित होने को फसल नुकसान का कारण बताया। महिया ने सरकार से तत्काल विशेष गिरदावरी करवाकर निष्पक्ष आकलन कराने, जिले में अकाल घोषित करने तथा प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा देने की मांग की। बैठक में पार्टी कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों को लेकर गांव-गांव जनसंपर्क बढ़ाने और स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर अभियान तेज करने का आह्वान किया गया।

दिवंगत डूडी की पुण्यतिथि में शामिल होंगे कांग्रेस अध्यक्ष व प्रतिपक्ष नेता।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। कांग्रेस अध्यक्ष गोविंदसिंह डोटासरा व नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली कल बीकानेर में आयोजित दिवंगत रामेश्वरलाल डूडी की पुण्यतिथि में शामिल होने आएंगे। इस दौरान वे श्रीडूंगरगढ़ से होते हुए बीकानेर जाएंगे। श्रीडूंगरगढ़ में स्थानीय कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा दोनों नेताओं का सुबह 9.30 बजे स्वागत, अभिनंदन किया जाएगा।
विकास मंच टीम कल लगाएगी वार्ड 34 में शिविर।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। नगर निकाय चुनाव 2026 से गठित विकास मंच टीम द्वारा शहर में वार्ड समस्या पंजीकरण शिविर शुरू किया जाएगा। मंच के शूरवीर मोदी ने बताया कि कल पहला शिविर वार्ड 34 में होली धोरा कालूबास में शाम 8 बजे लगाया जाएगा। जिसमें वार्डवासी अपनी समस्याओं का पंजीकरण करवा सकेंगे। मंच सदस्यों द्वारा इन समस्याओं के समाधान के लिए प्रयास किए जाएंगे।





