









श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 26 सितम्बर 2026। शिक्षा व्यवस्था को तकनीक आधारित और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से शिक्षा विभाग एवं पीरामल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) आमुखीकरण कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें ब्लॉक के विभिन्न राजकीय माध्यमिक विद्यालयों के करीब 200 शिक्षकों को एआई लाइसेंस एवं विशेष आईडी प्रदान कर माइक्रोसॉफ्ट को-पायलट के व्यावहारिक उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को प्रभावी प्रॉम्प्ट तैयार करने, कम समय में पाठ योजना (लेसन प्लान) बनाने, नवाचारी शिक्षण सामग्री तैयार करने तथा एआई की सहायता से विद्यार्थियों के मूल्यांकन के तरीके सिखाए गए। कार्यशाला में विशेषज्ञों ने शिक्षकों को एआई के माध्यम से शिक्षण प्रक्रिया को सरल, रोचक और प्रभावी बनाने का व्यावहारिक अभ्यास भी करवाया। आयोजन सीबीईओ सरोज पूनिया के मार्गदर्शन एवं एसीबीईओ अशोक चुंग के प्रशासनिक सहयोग से हुआ। पीरामल फाउंडेशन के प्रतिनिधि कपिल शर्मा, सूर्यप्रकाश एवं गोविंद रामावत ने मुख्य प्रशिक्षक के रूप में शिक्षकों को एआई के विभिन्न उपयोगों की जानकारी दी। कार्यशाला का उद्देश्य राजकीय विद्यालयों के शिक्षकों को आधुनिक तकनीक से दक्ष बनाकर शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया में नवाचार को बढ़ावा देना रहा।








