September 18, 2026
0001

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 18 सितंबर 2026। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर पति, जेठ व ननद ने एक विवाहिता के साथ मारपीट कर उसे बच्चे के साथ घर से निकाल देने का मामला श्रीडूंगरगढ़ थाने में दर्ज हुआ है।
कितासर बीदावतान निवासी कानाराम की पुत्री संतरादेवी ने मेघजी की बाड़ी, बीदासर निवासी अपने पति महेंद्र पुत्र बजरंगलाल ढोली, जेठ करणाराम, ननद संतोष के खिलाफ आरोप लगाए है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका विवाह 2008 में पिता के घर संपन्न हुआ। पिता ने विवाह में गहने, दहेज का सामान, नगदी, कपड़े इत्यादि दिए थे। परंतु आरोपी विवाह के बाद से ही एक लाख नगदी व मोटरसाइकिल देने की मांग करने लगे। उसके पिता व अन्य परिजन आरोपियों को कभी सद्बुद्धि आने व घर बसाए रखने की बात कहते। आरोपियों ने पुत्र जन्म के बाद कम छूछक को लेकर मारपीट की और करीब डेढ़ साल पहले गर्भावस्था के दौरान एक पुत्र के साथ उसे घर से निकाल दिया। पिता ससुराल आकर उसे गांव ले गए। करीब 8 माह पहले उसने एक पुत्री को जन्म दिया तो आरोपियों ने मोटरसाइकिल व एक लाख नगदी नहीं देने पर बच्ची को देखने आने से मना कर दिया। उसका पति कमाने के लिए चैन्नई चला गया। जब वह 15 जून को लौटा तो परिजनों ने उसे ले जाने के लिए कहा। आरोपी उसके पीहर आए और पंचायती हुई तो बिना मोटरसाइकिल और एक लाख रूपए के घर बसाने से इंकार कर दिया। आरोपी तैश में आ गए व उसके साथ मरपीट करने लगे और उसका स्त्रीधन भी लौटाने से मना कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एसआई रतनलाल को सौंप दी है।