July 22, 2026
WhatsApp Image 2026-07-22 at 14.29.45

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 जुलाई 2026। खेतों में बेसहारा पशुओं से खेती को बचाने के लिए लगाए जाने वाले झटका तार जानवर ही नहीं मानव जीवन के लिए भी खतरनाक साबित हो रहें है।
बुधवार सुबह गांव मोमासर की रोही में एक विवाहिता की इसी तार की चपेट में आने से मौत हो गई। मृतका के पति ताराचंद पुत्र नोरताराम मेघवाल ने पड़ोसी खेत मालिक लूणाराम पुत्र भैराराम भामूं के खिलाफ लापरवाही के आरोप लगाते हुए परिवाद दी है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि मोमासर की रोही में उसके पिता का खसरा नबंर 106 में खेत है। इसके पूर्वी दिशा में आरोपी का खेत है और उसके पिता ने अपने खेत से 5 बीघा भूमि आरोपी को रकम सट्टे काश्त पर दे रखी है। आरोपी ने इस भूमि पर झटका मशीन लगा रखी है, तार लगाकर करंट प्रवाह कर रखा है। परिवादी ने बताया कि आरोपी कई बार इस तार को सीधे ट्रांसफार्मर से जोड़कर करंट प्रवाह चालू कर देता है, जिसके लिए परिवादी व उसके पिता ने उसे कई बार ओलमा भी दिया। आरोपी ने उनकी बात मानने से मना कर दिया और जैसे मर्जी होगी तार लगाने की धमकी दी। आज सुबह करीब 6.30 बजे परिवादी की 30 वर्षीय पत्नी सीलूदेवी खेत की सींव पर कृषि कार्य कर रही थी। सीलूदेवी करंट की चपेट में आ गई व उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवादी, उसके पिता, सांवरमल मेघवाल मौके पर पहुंचे। सभी ने शोर मचाकर आरोपी को तार हटाने की आवाज लगाई। आरोपी ने अपने बेटे को आवाज देकर तार हटवाया। मौके पर उपस्थित लोगों ने सीलूदेवी को संभाला परंतु उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। परिवादी ने बताया कि कई बार मना करने के बावजूद तार को जोड़ने व सीलूदेवी की मौत का ओलमा दिया तो आरोपी आगबबूला हो गया और आगे भी ऐसे ही तार जोड़ने की धमकी दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच एएसआई भगवानाराम को दी है।