






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 22 जुलाई 2026। ग्रामीण अंचल के अनेक सरकारी स्कूल शिक्षकों की कमी से जूझ रहें है। इन स्कूलों में शिक्षक नहीं होने से शिक्षण बुरी तरह से प्रभावित है और आए दिन विद्यार्थी व उनके अभिभावक शिक्षकों की मांग को लेकर दफ्तरों के चक्कर काटते नजर आते है।
ऐसे में बुधवार को गांव डेलवां के राउमावि में बुधवार सुबह जमकर हंगामा हुआ। करीब चार घंटे छात्र छात्राएं गेट पर ताला लगाकर बाहर बैठे रहें और नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सरोज वीर पूनियां मौके पर पहुंची व करीब आधा घंटे की समझाईश के बाद विद्यार्थी ताला खोलने के लिए राजी हुए। पूनियां ने दो व्याख्याता मौके पर स्कूल को दिए व तीन शिक्षक और शीघ्र ही देने का आश्वासन दिया।
प्रधानाचार्य नरेंद्र चाहर ने टाइम्स को बताया कि वर्तमान में विद्यालय में उनके अतिरिक्त तीन तृतीय श्रेणी शिक्षक है। तबादलों के दौर में तीन शिक्षक तबादला होने व एक प्रमोशन होने से चले गए है। विद्यालय में कुल 15 पद स्वीकृत है। चाहर ने बताया कि दो शिक्षक लाधड़िया स्कूल से वैकल्पिक व्यवस्था में लिए गए है। वहीं उच्चाधिकारियों को सूचना दे दी गई थी। ग्रामीणों ने भी विधायक से तथा ग्राम सेवा शिविर में विद्यार्थियों ने एसडीएम को भी ज्ञापन देकर शिक्षकों की माग की।
बता देवें ये विद्यालय 2022-23 की उच्च माध्यमिक विद्यालय है, जिसे क्रमोन्नत कर 12वीं तक किया गया। विद्यालय में एक भी व्याख्याता पद स्वीकृत ही नहीं है। स्कूल में वर्तमान में 6 वरिष्ठ अध्यापक के पद स्वीकृत है जिनमें से एक भी नहीं है। ऐसे में बच्चे व अभिभावक शिक्षण व्यवस्था चौपट होने से नाराज हो गए व आज जमकर प्रदर्शन किया।


