July 24, 2026
008-vinod-giri

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 जुलाई 2026। शिक्षा को समाज और राष्ट्र के विकास की सबसे मजबूत नींव बताते हुए महर्षि दयानंद सरस्वती छात्रावास विकास समिति की बैठक शुक्रवार को छात्रावास परिसर में एडवोकेट श्याम सुन्दर आर्य की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में छात्रावासों के विकास, शिक्षा व्यवस्था और समाज की भागीदारी को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में संत कर्मा बाई बालिका छात्रावास में 3.51 लाख रुपये की लागत से आधुनिक लाइब्रेरी एवं कोचिंग कक्ष के निर्माण की घोषणा रहा। यह कक्ष पूर्व सरपंच कुनणाराम बिडासरा आलसर (टैगोर ग्रुप ऑफ एजुकेशन कितासर) के सहयोग से बनाया जाएगा, जिससे छात्राओं को अध्ययन और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी।
इसके अलावा हुक्माराम जाखड़ (सूडसर) की स्मृति में उनके सुपुत्र लक्ष्मणराम जाखड़ ने छात्रावास में 2 किलोवाट क्षमता का सोलर इन्वर्टर लगाने के लिए 1.11 लाख रुपये का सहयोग देने की घोषणा की। वहीं सेवानिवृत्त उपनिदेशक प्रभुदयाल डेलू ने छात्रवृत्ति के लिए 2,100 रुपये का सहयोग प्रदान किया। बैठक में समिति के कोषाध्यक्ष सुशील सेरड़िया ने लगभग 3.94 करोड़ रुपये के आय-व्यय एवं निर्माण कार्यों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया, जिस पर सदस्यों ने विस्तृत चर्चा करते हुए समीक्षा की। साथ ही समाज के लोगों को जोड़ने के उद्देश्य से 11-11 हजार रुपये की सदस्यता राशि के साथ नए सदस्यों को जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया गया। दोनों छात्रावासों में संचालित शिक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने पर भी विचार-विमर्श किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए एडवोकेट श्याम सुन्दर आर्य ने कहा कि “समाज एवं राष्ट्र का भविष्य शिक्षा पर आधारित है। शिक्षा के सुदृढ़ीकरण के लिए दानदाताओं का सहयोग समाज के लिए प्रेरणादायी एवं अनुकरणीय है।” बैठक में तुलछीराम गोदारा, लक्ष्मणराम खिलेरी, प्रभुदयाल डेलू, भंवरलाल जानूं, कुम्भाराम गोदारा, कानाराम तरड़ सहित अनेक वक्ताओं ने समाजहित के विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव रखे। छात्रावास अधीक्षक श्रवण कुमार भाम्भू ने सभी अतिथियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त किया।