






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 जुलाई 2026। कारगिल युद्ध में भारतीय सेना के वीर जवानों के अद्वितीय शौर्य, साहस और सर्वोच्च बलिदान को नमन करने के उद्देश्य से राजस्थान के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी विद्यालयों में 25 जुलाई 2026 (शनिवार) को ‘कारगिल विजय दिवस-2026’ मनाया जाएगा। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी सरोज पूनियां वीर ने बताया कि प्रतिवर्ष 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस मनाया जाता है परंतु इस वर्ष 26 जुलाई को रविवारीय अवकाश होने के कारण इसे 25 जुलाई को मनाया जाएगा। शिक्षा निदेशालय ने सभी विभागीय अधिकारियों को आदेश जारी कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार विद्यालयों में शनिवार को नो बैग डे पर कारगिल युद्ध के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करने, विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों द्वारा सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन करने के साथ ही कारगिल युद्ध की वीरगाथाओं, भारतीय सेना के शौर्य एवं राष्ट्रभक्ति पर आधारित भाषण, कविता पाठ, देशभक्ति गीत, निबंध, प्रश्नोत्तरी और अन्य प्रेरणादायी गतिविधियों का आयोजन भी किए जाने के दिशा निर्देश दिए गए है। कार्यक्रम में एसडीएमसी सदस्यों, जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों तथा स्थानीय नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के प्रयास करने के भी निर्देश दिए गए है। शहीद सम्मान समारोह समिति के सीताराम सिहाग ने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ में ही समिति के बैनर द्वारा प्रारंभ हुआ कारगिल विजय दिवस उत्सव, समिति के प्रयासों से आज पूरे राजस्थान में उत्सव की तरह मनाया जा रहा है। इस प्रयास का उद्देश्य नई पीढ़ी को शहीदों के बलिदान से अवगत करवाना व उनके प्रति सम्मान का भाव सीखाना है।





