September 17, 2026
WhatsApp Image 2026-09-17 at 20.49.44

लिखमीसर दिखणादा से रवाना हुए वीर तेजाजी पैदल यात्री संघ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव लिखमीसर दिखणादा से गुरूवार सुबह लोकदेवता वीर तेजाजी महाराज के दर्शन एवं धोक लगाने के लिए श्री वीर तेजाजी पैदल यात्री संघ श्रद्धा और उत्साह के साथ रवाना हुआ। संघ सदस्यों की देशी वेशभूषा ने ग्रामीणों का मन मोह लिया। रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं ने वीर तेजाजी महाराज का स्मरण कर जयकारे लगाए। नाचते गाते श्रद्धालुओं के साथ संघ रवाना हुआ तो गांव का माहौल तेजा भक्ति का हो गया। ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा करते हुए पद यात्रियों को शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर संघ के अध्यक्ष मुनिराम डेलू, कोषाध्यक्ष परमेश्वर लाल, सोशल मीडिया प्रभारी श्रीराम डेलू एवं प्रचार-प्रसार प्रभारी नानूराम डेलू सहित कमेटी सदस्य और अनेक मौजिज लोग मौजूद रहे।

देराजसर में उमड़ा उल्लास, रवाना हुआ तेजाजी पदयात्री संघ।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव देराजसर से भी गुरूवार शाम को पहली बार परंपरागत वेशभूषा में उत्साही युवाओं का वीर तेजाजी पैदल यात्री संघ रवाना हुआ। ग्रामीणों ने जमकर जयकारे लगाए और धूमधाम से खरनाल के लिए संघ को विदा दी। इस दौरान सरपंच गोमदराम मेघवाल, पूर्व सरपंच दानाराम भादू, मुकेश शर्मा, शंकरदास, बजरंग सारस्वा, भंवरलाल भादू, लिखमाराम भादू, शीशपाल भादू, प्रेम भादू, रामनिवास भादू, जगदीश भादू सहित अनेक मौजिज लोग शामिल रहें। सभी ने उत्साह के साथ पदयात्रियों को यात्रा की मंगलकामनाएं दी।

ठुकरियासर से खरनाल रवाना हुआ पैदल संघ, गूंजे गांव में जयकारे।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गांव ठुकरियासर से गुरूवार सुबह धूमधाम से खरनाल के लिए तेजाजी पैदल यात्री संघ रवाना हुआ। तेजा भक्तों ने एक जैसी राजस्थानी वेशभूषा धारण की और जमकर जयकारे लगाते हुए रवाना हुए। ठाकुरजी मंदिर में पूजा अर्चना के बाद तेजा ध्वजा लेकर पदयात्री निकले तो पुजारी बुलाकीदास स्वामी ने सभी भक्तों को तिलक लगाकर मंगलकामनाएं दी। ग्रामीणों ने जेसीबी से पुष्पवर्षा करते हुए पदयात्रियों को शुभकामनाएं देकर विदा किया। इस दौरान गांव में जबरदस्त उल्लास का माहौल रहा और मौजिज ग्रामीणों ने यात्रियों को गांव के बाहर तक पैदल आकर शुभकामनाएं दी। हनुमान सिंह गोदारा ने बताया कि संघ 20 सितंबर को खरनाल पहुंचकर धोक लगाएंगा व 21 सितंबर को गांव लौट आएगा। गांव में आज भी जागरण का आयोजन होगा व 19 सितंबर को भी भव्य जागरण का आयोजन होगा। जिसमें भजन गायक बंटी नागौरी, विक्रम बड़ौला, व प्रसिद्ध नृत्य कलाकार सांवर मांझू, विक्की जैतारण, हेमू चौधरी व अन्नु चौधरी अपनी प्रस्तुतियां देंगे।

मोमासर बास से नवयुवक पूनरासर पैदल यात्री संघ कल होगा रवाना। 
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। पूनरासर बालाजी के दर्शनार्थ मोमासर बास से श्रद्धालुओं का पैदल जत्था कल, 18 सितंबर को रवाना होगा। नवयवुक पूनरासर पैदल यात्री संघ के बैनर तले इस यात्रा को लेकर भक्तों में उत्साह है और पैदल यात्री तैयारियों में जुटे हैं। आयोजकों के अनुसार कल, शुक्रवार दोपहर 3:15 बजे मोमासर बास स्थित शिव स्वामी की दुकान से पैदल यात्रा संघ बाबा के जयकारों के साथ पूनरासर धाम के लिए रवाना होगा। श्रद्धालु पैदल यात्रा कर पूनरासर बालाजी धाम पहुंचेंगे और शनिवार को बाबा के दर्शन करेंगे। यात्रा का आयोजन समस्त भक्तगण, मोमासर बास के सहयोग से किया जा रहा है। आयोजकों के अनुसार सभी पैदल यात्रियों को संघ द्वारा टीशर्ट उपलब्ध करवाई जाएगी। यात्रा से संबंधित अधिक जानकारी एवं पंजीयन हेतु श्रद्धालु 9818135842 पर सम्पर्क कर सकते हैं।

सुखी संघ के पदयात्री कल पूनरासर के लिए होंगे रवाना, पूर्वसंध्या पर होगा सुंदरकांड।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शहर में बिग्गा बास के आजाद मार्केट स्थित श्री पूनरासर पैदल यात्री सुखी संघ की ओर से प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी पूनरासर बालाजी दर्शनार्थ पैदल यात्रा का आयोजन किया जाएगा। संघ की ओर से श्रद्धालुओं को यात्रा में शामिल होने के लिए आग्रह किया गया है। यात्रा के पूर्व संध्या पर आज शाम 8:15 बजे बाबा का संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन होगा। इसके बाद 18 सितंबर को दोपहर 3:15 बजे श्रीबालाजी मंदिर बिग्गा बास से बाबा कि पूजा अर्चना कर जयकारों के साथ पैदल यात्री संघ पूनरासर धाम के लिए रवाना होगा। संघ की ओर से यात्रियों के लिए मेडिकल, शुद्ध पेयजल, चाय-नाश्ता एवं भोजन की व्यवस्था की जाएगी। आयोजकों ने यात्रा में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं से 9829964875 नबंरो पर संपर्क कर सूचना देने का आग्रह किया है।