August 10, 2026
00000000

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 10 अगस्त 2026। सावन के दूसरे सोमवार को क्षेत्र में श्रद्धा और भक्ति का माहौल छाया है। आज सुबह से ही शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने लगी। शिव भक्तों ने भगवान शिव का जलाभिषेक एवं दुग्धाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की। शिवालयों में हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारों से वातावरण शिवमय हो गया। मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, अभिषेक एवं विभिन्न धार्मिक आयोजनों का आयोजन संपन्न हो रहें है।
बिग्गाबास के गणेश मंदिर शिवालय में शिव जयकारों के साथ श्रद्धालु उमड़े और भोलेनाथ की पूजा अर्चना की। यहां आज शाम भगवान भोले का उज्जैन महाकाल के रूप में विशेष श्रृंगार किया जाएगा। वहीं शाम 8 बजे महाआरती और रात्रि 8.30 बजे से भजन संध्या का आयोजन होगा। भजन संध्या में प्रसिद्ध भजन कलाकार हनुमान कुदाल एंड पार्टी द्वारा भजनों की प्रस्तुतियां दी जाएगी। सिंधी कॉलोनी में स्थित श्रीझूलेलाल मंदिर में आज सुबह शिव भक्तों ने विधि विधान से रूद्राभिषेक का आयोजन किया। युवा रवि रिझवानी ने बताया कि पंडित पवन उपाध्याय के सान्निध्य में ललित गुरनाणी, जीतू आलवानी सपत्नीक पूजन में बैठे व नरेंद्र गुरनाणी, नरेन रिझवानी, मुकेश संगवानी, विमल गुरनाणी, हर्ष गुरनाणी, वंशीका गुरनाणी, गौरव गुरनाणी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना में शामिल हुए। आज शाम भी रूद्राभिषेक व उसके पश्चात भजन संध्या व आरती के आयोजन होंगे। कालूबास में हाईस्कूल के सामने स्थित श्रीभूतेश्वर मंदिर में रविवार शाम विशेष श्रृंगार पूजन के साथ सत्संग का आयोजन किया गया। सोमवार को सुबह से भक्तों का तांता लगा है और लोग शिव पूजन कर अपनी मन्नतें मांग रहें हे। वहीं मंदिर प्रांगण में प्रतिदिन दोपहर भजन कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें बड़ी संख्या में महिला श्रद्धालु शामिल हो रही है। हनुमान धोरा मंदिर में स्थित शिवालय में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सावन के दूसरे सोमवार को विधिविधान से पूजन किया है। बिग्गाबास में चिड़पड़नाथजी की बगीची में 13 अगस्त तक अखंड कीर्तन जारी है। यहां आज भोलेनाथ का अर्द्धनारीश्वर स्वरूप में दिव्य श्रृंगार किया जाएगा। भोले की फौज करेगी मौज मंडल के सदस्य विशेष तैयारियों में जुटे है। शाम 7.30 बजे महाआरती का आयोजन होगा।

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। श्रीझूलेलाल मंदिर में सुबह संपन्न हुआ रूद्राभिषेक।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। भूतेश्वर मंदिर में शिव पूजन को उमड़े श्रद्धालु।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। गणेश मंदिर शिवालय में शिव भक्तों का लगा तांता।