September 24, 2026
00001

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 24 सितंबर 2026। गांव गुवाड़ के सीधे सरल लोग यदि एंड्रायड फोन का प्रयोग कर रहें है तो अब सावधान हो जाए। जागरूक होवें और पुलिस व कचहरी का डर दिखाकर डिजिटल अरेस्ट का प्रयास करें तो बिना घबराए सबसे पहले अपने परिवार व पुलिस को सूचना देवें।शहर में एक वरिष्ठ नागरिक को पुलिस व कचहरी का डर दिखाकर डिजिटल अरेस्ट करते हुए उससे 32 लाख रूपए ठग लिए जाने की वारदात सामने आई है।
बिग्गाबास निवासी 69 वर्षीय सुशील कुमार पेड़ीवाल ने पुलिस को डिजिटल अरेस्ट कर उसके साथ 32 लाख रूपए की धोखाधड़ी होने की गंभीर वारदात की सूचना दी है। परिवादी ने पुलिस को बताया कि वह कोलकाता में कपड़े का व्यापार करता है। 14 सितंबर 2026 को वह गांव श्रीडूंगरगढ़ आया हुआ था। 18 सितंबर 2026 को उसके पास 7031819312 नंबर से व्हाट्सएप मैसेज आया। अज्ञात आरोपी ने उसके कैनरा बैंक के खाते से करोड़ों का टर्नऑवर किए होने व उसके खिलाफ वारंट आए हुए होने का डर दिखाया। उसके मोबाईल नबंर से फ्रॉड किए होन के मैसेज किए। आरोपी ने मुंबई पुलिस के कुछ दस्तावेज भेजे और कोर्ट का वारंट भेजा। उसके बाद उसी नबंर से उसे रोज मैसेज आने लगे। अज्ञात लूटेरों ने उसे कैनेरा बैंक के एटीएम की फोटो व स्टेटमेंट भी भेजा जिसे देखकर वह डर गया। आरोपी ने हाईकोर्ट के आदेश के अनुसार किसी को इस घटना के बारे में बताने के लिए मना किया और उससे 32 लाख रूपए की एफडी लेने के बारे में जानकारी दे दी। शातिर ठग ने उसे एक खाता नबंर दिया और 32 लाख रूपए आरटीजीएस करवाने की बात कही। 21 सितंबर 2026 को परिवादी ने पीएनबी बैंक की श्रीडूंगरगढ़ शाखा में जाकर उस खाता नबंर में 32 लाख रूपए का आरटीजीएस करवा दिया। उसके बाद परिवादी के परिवार वालों ने एफडी तुड़वाने के बारे में पूछा तो परिवादी ने उसे पूरी घटना के बारे में बताया। परिवादी के बेटे नितेश ने ऑनलाईन साईबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच थानाधिकारी कश्यप सिंह राघव करेंगे।