September 16, 2026
2

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स, 16 सितंबर 2026। श्रीडूंगरगढ़ नगरपालिका अध्यक्ष की कुर्सी के लिए इस बार मुकाबला रोचक है। अध्यक्ष पद के लिए कुल चार पर्चे दाखिल हुए हैं—कांग्रेस से राधेश्याम सारस्वत, भाजपा से नारायण कलाणी, विकास मंच से जतनसिंह राजपुरोहित और निर्दलीय जगदीश स्वामी मैदान में हैं। लेकिन इस मुकाबले का सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि अध्यक्ष बनने की दौड़ में शामिल चार में से तीन प्रत्याशी नगरपालिका के निर्वाचित सदस्य ही नहीं हैं। यानी जिनके हाथों में पालिका की कमान संभालने का सपना है, उनमें तीन पालिका सदस्य के रूप में चुनाव ही नहीं जीते है। इनमें राधेश्याम सारस्वत, जतनसिंह राजपुरोहित और जगदीश स्वामी शामिल हैं। खास बात यह भी है कि इन तीनों के अध्यक्ष पद के पर्चों के प्रस्तावक नगरपालिका के निर्वाचित सदस्य हैं। वहीं भाजपा के नारायण कलाणी चुनाव में विजयी प्रत्याशी हैं। यानी अध्यक्ष पद की चार दावेदारियों में एक तरफ निर्वाचित पालिका सदस्य हैं, तो दूसरी तरफ ऐसे तीन चेहरे हैं, जो सीधे अध्यक्ष पद की कुर्सी के लिए मैदान में उतरे हैं। अब रोचक सवाल यही है कि अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचने वाली राह किसके लिए खुलती है।
वहीं एक रोचक फैक्ट ये भी है परिसीमन से पहले गत चुनावों में वार्ड 27 के विजयी भाजपा पार्षद मानमल शर्मा पालिकाध्यक्ष बने। वहीं परिसीमन के बाद वार्ड 27 में दो टुकड़े वार्ड 28 व 29 में इस बार के विजयी वार्ड 28 के भाजपा पार्षद नारायण कलाणी व 29 के विजयी निर्दलीय पार्षद बबिता देवी स्वामी के पति जगदीश स्वामी पालिकाध्यक्ष की दौड़ में है।