September 23, 2026
00001

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 23 सितंबर 2026। पालिका का नया बोर्ड मंगलवार को गठित हुआ और बुधवार सुबह ही बोर्ड एक्शन में नजर आया। नए बोर्ड के नेता व पार्षद बाजार में पहुंचे और मुख्य बाजार की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। नेता हाथ जोड़कर व्यापारियों से दुकान के बाहर कचरा नहीं फैंकने और वन टाइम यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं करने का आग्रह करते नजर आए। वहीं धूल मिट्टी नहीं उड़े इसके लिए पानी का छिड़काव करवाया। वहीं व्यापारियों ने नेताओं का स्वागत किया। इस दौरान पालिकाध्यक्ष नारायण कलाणी, उपाध्यक्ष विनोदगिरी गुसाईं, विधायक पुत्र राजेश सारस्वत, पार्षद प्रतिनिधि ओमप्रकाश नाई, नानूराम कुचेरिया सहित अनेक पार्षद मौजूद रहें। पालिका एसआई कमल चांवरियां सहित पालिका कर्मी मुस्तेदी से काम पर डटे रहें।
वहीं पालिका उपाध्यक्ष आज सुबह बाजार पहुंचे और मुख्य बाजार में स्थित एक नाले का जाम खड़े रहकर खुलवाया। गुसाईं ने स्टेशन रोड, हाई स्कूल रोड, बाजार व जोहड़ पायतन का निरीक्षण किया। गुसाईं ने अब व्यवस्था परिवर्तन की बात कही। गुसाईं ने कहा कि सरकारी मशीनरी का उपयोग अब आमजन की राहत के लिए कार्य होगा। वे बाजार में स्थित जीव जतन पारख पालिका भवन पहुंचे। यहां पालिकाध्यक्ष नारायण कलाणी और विधायक पुत्र राजेश सारस्वत सहित पार्षद पहुंचे व पानी छिड़काव की शुरूआत की। सभी ने बाजार का दौरा कर सफाई, सड़क, पानी निकासी सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान स्थानीय लोगों से भी समस्याओं की जानकारी ली और उनके त्वरित समाधान का भरोसा भी दिलवाया।