August 8, 2026
IMG-20260807-WA0146

श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 7 अगस्त 2026। कृषि विभाग की टीम ने शुक्रवार को रैपिड रोविंग सर्वे के तहत श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक के बेनीसर, तोलियासर एवं ठुकरियासर गांवों में मूंगफली फसल का निरीक्षण कर कीट एवं रोगों की स्थिति का आकलन किया। सर्वेक्षण दल में उपनिदेशक कृषि जयदीप दोगने, कीट वैज्ञानिक डॉ. सुरेन्द्र कुमार, कृषि अधिकारी मेघराज बंजारा, कृषि अनुसंधान अधिकारी अशोक कुमार साहू, सहायक कृषि अधिकारी हितेश जांगिड़ तथा कृषि पर्यवेक्षक नोपाराम शामिल रहे। दल ने विभिन्न खेतों में मूंगफली फसल की वर्तमान स्थिति, कीट प्रकोप एवं रोगों के लक्षणों का निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों से फसल की स्थिति, पूर्व में किए गए कीट एवं रोग नियंत्रण उपायों तथा कृषि संबंधी समस्याओं की जानकारी भी ली गई।
कृषि अधिकारियों ने किसानों को समन्वित कीट एवं रोग प्रबंधन (आईपीएम) अपनाने, फसल की नियमित निगरानी करने तथा कृषि वैज्ञानिकों की अनुशंसा के अनुसार ही कीटनाशी एवं रोगनाशी का संतुलित एवं आवश्यकता अनुसार उपयोग करने की सलाह दी। सर्वेक्षण के आधार पर किसानों को आवश्यक तकनीकी सुझाव एवं फसल प्रबंधन संबंधी दिशा-निर्देश भी प्रदान किए गए।