






श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 4 अक्टूबर 2026। वर्ष 2017 में ग्राम पंचायत बींझासर में हुई पंचायत सहायक भर्ती को लेकर फर्जीवाड़े के आरोप लगाए गए हैं। मामले में जिला सतर्कता समिति को दी गई शिकायत की जांच 29 सितंबर 2026 को उपखंड अधिकारी श्रीडूंगरगढ़ को सौंपी गई है। परिवादियों के अनुसार पंचायत सहायक भर्ती की मेरिट सूची में झूमरमल ओड 61.25 अंक प्राप्त कर प्रथम तथा श्यामसुंदर पुरोहित 60.65 अंक के साथ द्वितीय स्थान पर रहे थे। आरोप है कि तत्कालीन ब्लॉक शिक्षा अधिकारी द्वारा वैध एवं स्वीकृत चयन सूची को जिला स्तरीय चयन समिति के समक्ष अनुमोदन के लिए नहीं भेजा गया। परिवादियों ने आरोप लगाया कि बाद में 3 अप्रैल 2018 को नियमों की अनदेखी करते हुए कम अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को नियुक्ति दे दी गई। उन्होंने इसे चयन प्रक्रिया में गंभीर अनियमितता बताते हुए पूरे मामले की जांच की मांग की है। शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि राजस्थान संपर्क पोर्टल पर मामले से संबंधित भ्रामक रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। परिवादियों ने जिला सतर्कता समिति से प्रकरण को एजेंडे में शामिल कर निष्पक्ष जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। अब मामले की जांच उपखंड अधिकारी द्वारा की जाएगी।






