




श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स 13 अक्टूबर 2026। मतदाता जागरूकता सप्ताह के तहत मंगलवार को भारती निकेतन कोचिंग संस्थानों में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। नायब तहसीलदार निर्वाचन रमेश सिंह के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में युवाओं को मतदान का महत्व समझाते हुए पात्र नागरिकों से मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने का आह्वान किया गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को निष्पक्ष एवं निर्भीक मतदान, लोकतांत्रिक प्रक्रिया और लोकतंत्र में प्रत्येक मत की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के पात्र युवाओं को मतदाता सूची में नाम जुड़वाने तथा निर्वाचन संबंधी आवश्यक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक किया गया। इसी क्रम में 14 अक्टूबर को श्रीडूंगरगढ़ क्षेत्र के राजकीय आईटीआई और रमन आईटीआई में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उपखंड अधिकारी एवं निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी झंवरलाल मित्तल के निर्देशन में होने वाले इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को मतदान के महत्व और अपने मताधिकार के प्रति जागरूक किया जाएगा। युवाओं को स्वयं जागरूक मतदाता बनने के साथ परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी मतदान के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया जा रहा है।






