






पहली सैलरी मां शक्ति दादी को समर्पित, जोशी ने मंदिर निर्माण हेतु दिया सहयोग।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन गांव कोटासर स्थित जोशी परिवार की आराध्य देवी मां शक्ति दादी मंदिर में नौ दिवसीय अनुष्ठान के लिए घट स्थापना एवं पूजा-अर्चना की गई। इस अवसर पर हनुमानगढ़ जिले के दनियासर निवासी राकेश कुमार जोशी ने बैंक की नौकरी में चयनित होने के बाद अपनी पहली सैलरी से 51 हजार रुपए मंदिर निर्माण कमेटी को समर्पित किए। इस पर मंदिर कमेटी के महावीर प्रसाद जोशी ने जोशी परिवार का आभार जताया। इस दौरान राकेश के पिता ओमप्रकाश जोशी सहित परिवारजन तथा कमेटी के रामेश्वरलाल जोशी व करणीदान जोशी गंगाशहर, महेश कुमार जोशी गंगाशहर एवं मदनलाल जोशी कोटासर उपस्थित रहे।

माहेश्वरी महिला समिति की महिलाओं ने गौशाला में की सेवा।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। माहेश्वरी महिला समिति की सदस्य महिलाओं ने पितृपक्ष अमावस्या के उपलक्ष में गौशाला में सेवा दी। महिलाएं यहां गुड़ व खल लेकर पहुंची व गौवंश को गुड़ खिलाकर सेवा दी। महिलाओं ने यहां भजन कीर्तन किया व अपने परिवार के साथ क्षेत्र में सुख समृद्धि की कामना की। इस दौरान समिति अध्यक्ष कौशल्या झंवर ने पूरी टीम का आभार जताया।

सैनजी मंदिर में हुई घट स्थापना, सुबह शाम होगी विशेष आरती।
श्रीडूंगरगढ़ टाइम्स। प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शारदीय नवरात्र पर सैनजी मंदिर में श्रद्धालु उत्साह के साथ विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान करेंगे। समाज के अध्यक्ष महेंद्र पंवार ने बताया कि मंदिर में रोशनियों से विशेष सजावटें की गई है। विधि विधान से रविवार दोपहर को घट स्थापना की गई व नौ दिन सुबह शाम विशेष आरती का आयोजन होगा। वहीं प्रसाद वितरण के आयोजन संपन्न होंगे। अनेक श्रद्धालु मंदिर आयोजनों में शामिल होकर अपनी भागीदारी निभा रहें है।






